राजधानी दिल्ली में उमस भरी गर्मी से लोगों को मिली राहत,बारिश के कारण सड़को पर भरा पानी सड़कें

 इस साल राजधानी दिल्ली में सावन का महीना तो सावन जैसा रहा ही, भादो में भी बादल खूब बरस रहे हैं। कमोबेश हर रोज ही हल्की से तेज बारिश हो रही है।

दिल्ली में बृहस्पतिवार सुबह से ही तेज बारिश का दौर जारी है। बारिश से विभिन्न इलाकों में सड़कों पर जलभराव होने से वाहनों के पहिए थम गए। इससे सुबह समय से स्कूल-कॉलेज और दफ्तर जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

राजधानी में अल सुबह से हो रही बारिश से सदर बाजार हुआ जलभराव। 

मौसम विभाग ने आज बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। पूरे दिन बादल छाए रहने और गर्जन वाले बादल बनने सहित और बारिश होने के आसार हैं। 

सदर बाजार में दुकानों में भी भरा पानी।

वहीं, अधिकतम और न्यूनतम तापमान अभी सामान्य से नीचे या उसके आसपास ही रहेगा। 

तामपान गिरने से उमस भरी गर्मी से लोगों ने राहत की सांस ली है। इसके अलावा आईएमडी ने शुक्रवार यानी स्वतंत्रता दिवस के दिन भी हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली में भारतीय लोक प्रशासन संस्थान के बाहर सड़क पर भरा पानी।

बृहस्पतिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। बारिश सुबह साढ़े 8 बजे तक 13.1 मिमी रिकॉर्ड की गई है। आयानगर में सर्वाधिक 57.4 और पालम में 49.4 मिमी दर्ज की गई है।

मौसम की मेहरबानी से दिल्ली की हवा साफ

दूसरी तरफ मौसम की मेहरबानी से दिल्ली की वायु गुणवत्ता लगातार अच्छी बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक बृहस्पतिवार सुबह साढ़े 9 दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 110 दर्ज किया गया। इसे मध्यम श्रेणी में रखा जाता है।

एनसीआर के शहरों का एक्यूआई भी कहीं संतोषजनक तो कहीं मध्यम श्रेणी में ही बना हुआ है। बारिश की वजह से हाल फिलहाल इसमें वृद्धि होने की संभावना भी नहीं लग रही।