मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर उत्साह

नटवर नागर के 5252वें जन्मोत्सव का उत्साह है। शनिवार रात 12 बजे श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर कंस के कारागार में लाला का प्राकट्य होगा। जन्मस्थान भी अद्भुत रंगों से सजा है। जन्मोत्सव पर ठाकुरजी मेघधनु (इंद्रधनुषी रंग की) पोशाक धारण करेंगे। सीएम योगी मथुरा में आए हैं।

इसमें नाम के अनुरूप इंद्रधनुष के सात रंगों का प्रयोग रेशम, जरी, रत्नों के रूप में किया गया है। कंस की कारा (गर्भगृह) को 221 किलो चांदी की परत से सजाया जाएगा। गर्भ गृह में पुष्प बंगला बनेगा। मां योगमाया मंदिर में सिंहासन, अस्त्र-शस्त्र, पादुकाएं लगभग 51 किलोग्राम चांदी से तैयार कराई गई हैं। भगवान श्रीकृष्ण सिंदूर पुष्प बंगला में विराजमान होंगे। जन्मोत्सव पर आपरेशन सिंदूर की झलक दिखाई देगी।

मथुरा पहुंचे सीएम योगी

भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मथुरा पहुंचे। वह श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर कान्हा के दर्शन करने पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को हेलीकाप्टर से पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय पहुंचे। यहां से वे जन्मस्थान पहुंचे। जन्मस्थान पर उन्होंने सभी को कृष्ण जन्मोत्सव की बधाई दी। सीएम ने भारत माता की जय का नारा लगाया और राधे राधे का नाम लिया। जन्मस्थान में सीएम योगी ने गर्भ गृह में ठाकुरजी के दर्शन किए। इसके बाद योगमाया, केशव देव महाराज का पूजन किया। भागवत भवन युगल सरकार के दर्शन किए।