MP, छत्तीसगढ़ और झारखंड में अगले 3 दिन कोल्डवेव का अलर्ट जारी

पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हुई बर्फबारी के बाद अब ठंड तेजी से बढ़ने लगी है। इसका असर मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और झारखंड जैसे मैदानी इलाकों में भी दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए अगले तीन दिनों तक कोल्ड वेव (शीतलहर) का अलर्ट जारी किया है।

हिमाचल प्रदेश में तापमान लगातार नीचे जा रहा है। ताबो सहित तीन शहरों में पारा शून्य से नीचे दर्ज किया गया है, जबकि आठ जिलों में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से कम और 21 शहरों में 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है।

उत्तर से बह रही ठंडी और शुष्क हवाओं का असर अब गुजरात तक पहुंच चुका है। सूरत में 10 साल में पहली बार नवंबर के शुरुआती दिनों में ही सर्दी का असर दिखा है। शहर का रात का तापमान 17 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। वहीं नलिया, गांधीनगर, अहमदाबाद, राजकोट और दीसा समेत छह शहरों में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री से नीचे और वडोदरा में सबसे कम 14 डिग्री रहा।