हरिद्वार में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, हरकी पैड़ी पर लगा आस्था का सैलाब

आज गंगा दशहरा का स्नान पर्व है। मान्यता है कि आज ही के दिन मां गंगा का धरती पर अवतरण हुआ था।‌ इस मौके पर हरिद्वार में गंगा स्नान करने के लिए भारी भीड़ उमड़ रही है।

बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार में हरकी पैड़ी पर सुबह से गंगा स्नान करने पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं ने गंगा घाटों पर पूजा कर मां गंगा से सुख समृद्धि की कामना की। माना जाता है कि मां गंगा ने आज के दिन ही धरती पर अवतरित होकर राजा भागीरथ के पुरखों का उद्धार किया था। इसलिए आज के दिन हरकी पैड़ी पर ब्रह्मकुंड में गंगा स्नान करने का विशेष महत्व है।

मान्यता है कि गंगा दशहरा पर गंगा स्नान करने से 10 तरह के पापों से मुक्ति मिलती है। इस दिन गंगा स्नान करके दान करने और जल का दान करने का विशेष महत्व है।

मुख्यमंत्री ने दी गंगा दशहरा की शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को गंगा दशहरा की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि जीवनदायिनी गंगा का हमारे जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है। बिना गंगा व अन्य पावन नदियों के लोक जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती है।

गंगा दशहरा की अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि पावन नदियां हमारे अस्तित्व से जुड़ा विषय भी हैं। उन्होंने ने कहा कि इस पावन अवसर पर हमें गंगा एवं अन्य नदियों के साथ ही सभी जल स्रोतों को पवित्र रखने में भी अपना योगदान देना होगा।