जिला पंचायत के बाद ब्लाक प्रमुख चुनाव में भी BJP का दबदबा, सपा सिमटी

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में गांव तथा जिला की सरकार के बाद अब ब्लाक की सरकार का भी गठन हो रहा है। सत्तारूढ भारतीय जनता पार्टी को ब्लाक प्रमुख चुनाव में बम्पर जीत मिली है। शहर की पार्टी मानी जाने वाली भारतीय जनता पार्टी ने अब गांवों में भी अपना दबदबा कायम कर लिया है। भाजपा ने 476 ब्लाक के लिए आज सम्पन्न मतदान मे जोरदार प्रदर्शन किया है।

पश्चिमी से लेकर पूर्वी तथा मध्य उत्तर प्रदेश के साथ बृज क्षेत्र और बुंदेलखंड में भी भाजपा ने ब्लाक प्रमुख चुनाव में अपना परचम लहरा दिया। भाजपा ने ब्लाक प्रमुख के कुल 825 पद में से निर्विरोध निर्वाचित 349 में 334 पद पर पहले ही कब्जा किया है और आज मतदान के बाद भी बाजी अपने हाथ में कर ली है। गोंडा में तो 16 में से 12 ब्लॉकों में प्रमुख पद पर महिलाएं जीतकर आई हैं। इनमें से किसी ने पहली बार सियासत में कदम रखा है तो कोई दूसरी पारी खेलेगा। सिर्फ चार विकासखंडों में पुरुष उम्मीदवार ब्लॉक प्रमुख पद पर आसीन हुए हैं।

लखनऊ की आठ में से सात सीट पर भाजपा जीती, समाजवादी पार्टी साफ

भारतीय जनता पार्टी में लखनऊ की आठ ब्लाक प्रमुख सीट पर आज हुए मतदान में सात पर जीत दर्ज की है। लखनऊ में भाजपा ने चिनहट को छोड़कर अन्य सात ब्लाक प्रमुख सीट पर जीत दर्ज की है। चिनहट में निर्दलीय उम्मीदवार ऊषा यादव ने बाजी मारी। बाकी सात सीट पर भाजपा का परचम लहराया है। लखनऊ मे पहली बार समाजवादी पार्टी का खाता नहीं खुला है। समाजवादी पार्टी के पास आठ में से छह सीट थी। समाजवादी पार्टी पहली बार आठ में से एक भी सीट नही जीत सकी।

कांग्रेस के गढ़ रायबरेली में भी भाजपा का परचम, 18 में 11 सीट जीती

कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में भी भाजपा का झंडा लहराया। यहां की 18 में से 11 सीट पर भाजपा जीती है। पांच पर निर्दलीय तथा दो सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी जीते हैं।

भाजपा के पीयूष प्रताप सिंह- हरचंदपुर, आशुवेंद्र सिंह- सतांव, हनुमंत प्रताप सिंह-शिवगढ़, अनिल सिंह उर्फ नीलू सिंह- खीरों, अंजू कुशवाहा-सलोन तथा शिवराम रावत-डलमऊ से जीते हैं। निर्दलीय संगीता-छतोह, धर्मेन्दर उर्फ राजीव यादव-राही, सत्यभामा मौर्या-ऊंचाहार, विभा सिंह-सरेनी तथा वैशली सिंह- अमावां ने जीते हैं। यहां से सपा की शिवानी सिंह ने लालगंज व राकेश कुमार ने रोहनिया से जीत दर्ज की है। इससे पहले पांच ब्लाक में जगतपुर, डीह, दीनशाहगौरा, बछरावां व महराजगंज में भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध हुए थे।

जौनपुर में 15 पर भाजपा, चार पर निर्दलीय व दो पर सपा प्रत्याशी जीते

जौनपुर में 21 ब्लाकों के प्रमुख पद के चुनाव का परिणाम घोषित कर दिया गया। इसमें 15 ब्लाकों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने कब्जा जमाया तो दो पर सपा समर्थित ने जीत दर्ज की। वहीं चार ब्लाकों पर निर्दल का कब्जा हुआ। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।

हरदोई में नौ में से पांच पर भाजपा, तीन निर्दलीय तथा एक सपा ने जीती

हरदोई में शनिवार को ब्लाक प्रमुख पद के लिए मतदान और मतगणना के बाद आए परिणाम में नौ ब्लाकों में से पांच पर भाजपा, तीन पर निर्दलीय तथा एक पर सपा ने जीत दर्ज की। एक निर्दलीय को पूर्व मंत्री अब्दुल मन्नान जीत दिलाई। सुरसा में सपा और हरपालपुर में भाजपा जमानत नहीं बचा पाई। संडीला में भाजपा की आरती जीतीं। बेहंदर में पूर्व मंत्री अब्दुल मन्नान समॢथत लक्ष्मी देवी ने जीत दर्ज की। बिलग्राम में भाजपा प्रत्याशी सतेंद्र कुमार सिंह उर्फ मुन्ना सिंह जीते। सुरसा में भाजपा के विजय पाल जीते। भरावन में निर्दलीय विनोद सिंह तोमर ने जीत दर्ज की। पिहानी में निर्दलीय कुशी बाजपेई ने जीत दर्ज की। माधौगंज में भाजपा की लौंग श्री जीती। सांडी में भाजपा के अनिल कुमार सिंह जीते। हरपालपुर में सपा के अनोखेलाल ने जीत दर्ज की।