अखिलेश यादव की धमकी: पंचायत चुनाव में सीमा लांघने वाले अफसरों की सूची तैयार, सरकार बनते ही कार्रवाई

लखनऊ :  उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के शानदार प्रदर्शन के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पंचायत चुनावों को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। रविवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत अखिलेश यादव ने कहा कि पंचायत चुनाव में जनता ने समाजवादी पार्टी को समर्थन दिया, लेकिन भाजपा सरकार ने पुलिस और गुंडों के बल पर जनादेश का अपमान किया।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा से अधिक गुंडागर्दी करने वाली पार्टी आज तक नहीं देखी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में गुंडागर्दी का एक्सपेरिमेंट कर उसे पूरे प्रदेश में लागू करते हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर कोरोना से हुई मौतों का आडिट कराएंगे। इसके साथ ही पंचायत चुनाव में सीमा लांघने वाले अधिकारियों की सूची तैयार है, उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।

संकल्प पत्र पर फोटो नहीं, इसलिए योगी आदित्यनाथ के कूड़ेदान में डाला

सपा मुखिया ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा के सदस्य नहीं हैं। भाजपा के संकल्प पत्र पर उनका फोटो नहीं है, इसलिए उसे कूड़ेदान में डाल दिया है। उन्होंने सरकार से सवाल पूछा कि 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का वादा था। आज किसानों की आय कितनी है।

आदित्यनाथ नहीं हैं योगी

अखिलेश ने कहा कि यहां भाजपा सरकार ने पंचायत चुनाव में गुंडागर्दी का नंगनाच किया, उसके बाद खुशी मनाई जा रही है। मिठाई खाई जा रही है। सिर्फ ब्लाक प्रमुख चुनाव जीतने के लिए बहनों के कपड़े तक छीन लिए। जो जनता के दुख पर खुशी मनाए, वह योगी नहीं हो सकता। मुख्यमंत्री योगी नहीं हैं। उन्हेंं तो सिर्फ जेसीबी और ठोको ही पता है। 

अभी भाजपा नेताओं के लिए नहीं खोले सपा के दरवाजे

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश ने आगरा के एत्मादपुर से पूर्व बसपा विधायक डा. धर्मपाल सिंह और बसपा से आगरा के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी कुंवरचन्द वकील को पार्टी की सदस्यता दिलाई। कहा कि इनके आने से सपा आगरा और आसपास के जिलों में मजबूत होगी। वहीं एक सवाल के जवाब में बोले कि अभी हमने भाजपा के नेताओं के लिए अपने दरवाजे नहीं खोले हैं। भाजपा में सूची बन चुकी है। टिकट कटने पर वह लोग इधर-उधर भागेंगे।