सम्मान समारोह: नीरज बोले- ये मेरा नहीं, पूरे देश का मेडल है

नई दिल्ली :  खेलों का महाकुंभ’ टोक्यो ओलंपिक 2020 खत्म हो गया है और भारत का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों की घर वापसी हो गई है। वहीं, आज अशोका होटल में पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें खेल मंत्री ने सम्मानित किया।


ये मेरा नहीं, पूरे देश का मेडल है- नीरज चोपड़ा


टोक्यो ओलंपिक में इतिहास रचने वाले नीरज चोपड़ा को केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू और केंद्रीय राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक ने सम्मानित किया। इस मौके नीरज चोपड़ा ने मंच पर आकर पहले अपना मेडल दिखाया और कहा कि उस दिन से मैं अपना मेडल जेब में रखकर घूम रहा हूं। जिस दिन से मेडल आया है ना खा पाया हूं, ना सो पाया हूं। समर्थन के लिए सभी को बहुत बहुत धन्यवाद। थ्रो पर नीरज ने कहा कि मुझे लगा कि ये मेरा पर्सनल बेस्ट थ्रो था, इसलिए ऐसा अहसास हुआ कि बेहतर किया हूं। बालों के सवाल पर नीरज ने कहा कि 10 साल की उम्र से बड़े बाल रख रहा हूं, लेकिन दो-तीन टूर्नामेंट में ये परेशान करने लगे, जिसके बाद बाल छोटे करा लिया। ये मेरा मैडल नहीं, पूरे देश का मैडल है।


भारत का नाम बढ़ाने वाले खिलाड़ियों की शाम है आजः खेल मंत्री


अशोका होटल में सम्मान समारोह चल रहा है। खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि ये शाम ओलंपिक में भारत का नाम बढ़ाने वाले खिलाड़ियों की शाम है। मैं सभी पदक विजेताओं को 135 करोड़ लोगों की तरफ़ से बधाई देता हूं। नीरज चोपड़ा आपने मेडल ही नहीं दिल भी जीता है। हमारे खिलाड़ियों का अगले ओलंपिक में और बेहतर प्रदर्शन होगा। हम आपके के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे, हर चीजें आपको बेहतर से बेहतर मुहैया कराएंगे।


पुरुष हॉकी टीम को किया गया सम्मानित


टोक्यो ओलंपिक में पुरुष हॉकी में भारत को कांस्य पदक मिला। इसके लिए पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह को केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू और केंद्रीय राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक ने सम्मानित किया।


खेल मंत्री ने लवलिना को सम्मानित किया


भारतीय मुक्केबाज लवलिना बोरगोहेन को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने सम्मानित किया। लवलिना बोरगोहेन ने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था। इस दौरान केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और केंद्रीय राज्य मंत्री निशीथ प्रमाणित भी मौजूद थे।


खेल मंत्री ने बजरंग को किया सम्मानित


खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, खेल राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक और कानून मंत्री और पूर्व खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने कांस्य पदक विजेता पहलवान बजरंग पुनिया को सम्मानित किया।