ओलंपिक में स्वर्ण पदक लाना है हॉकी टीम को - शिवराज

भोपाल : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि टोक्यो ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का कांस्य पदक जीतना एक पड़ाव है और टीम का लक्ष्य ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतना होना चाहिए। श्री चौहान ने राष्ट्रीय हॉकी टीम के युवा एवं होनहार खिलाड़ी विवेक सागर के साथ यहां स्मार्ट पार्क में पौधा रोपण किया। इस अवसर पर श्री चौहान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह मध्यप्रदेश के लिए ही नहीं, देश के लिए गर्व की बात है कि वर्षों बाद हॉकी टीम ने ओलंपिक में पदक हासिल किया। लेकिन यह एक पड़ाव है। अभी टीम को ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतना है। उन्होंने मध्यप्रदेश के इटारसी निवासी विवेक सागर की मौजूदगी में कहा कि टीम के खिलाड़ी परिश्रम की पराकाष्ठा करें, जिससे टीम ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीत सके। उन्होंने कहा कि भारतीय हॉकी टीम का प्रदर्शन देश में हॉकी का पुनर्जागरण है। खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें, सरकार उन्हें प्रत्येक सुविधाएं मुहैया कराएगी।


श्री चौहान ने 21 वर्षीय विवेक सागर की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे एक सामान्य परिवार से आए हैं और अपने संकल्प एवं परिश्रम की बदौलत इतने आगे बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि अभी विवेक को कम से कम दस पंद्रह वर्ष और खेलना है, इसलिए वे और अधिक परिश्रम करें। उन्होंने राज्य में खेलों के क्षेत्र में हो रहे विकास का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार इसके लिए बेहतर से बेहतर संसाधन मुहैया करा रही है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि विवेक को आज मध्यप्रदेश सरकार एक करोड़ रुपयों की सम्मान निधि प्रदान कर सम्मानित करेगी। इसके पहले विवेक सागर मुख्यमंत्री निवास पर पहुंचे, जहां श्री चौहान ने उनका शॉल और श्रीफल भेंटकर परंपरागत तरीके से स्वागत किया।


श्री चौहान ने कहा कि ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम ने भी बेहतर प्रदर्शन किया। कई बार चांस की भी बात रहती है और टीम बेहतर प्रदर्शन के बावजूद पदक से वंचित रह गयी। इसलिए मध्यप्रदेश सरकार ने महिला हॉकी टीम की सदस्यों को भी 31 - 31 लाख रुपए देने की घोषणा पहले ही की है और शीघ्र ही उनका सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा।