सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का भाजपा पर तीखा तंज, कहा-बिहार बंगाल से खतरनाक होगा यूपी का चुनाव

लखनऊ : सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंहगाई, बेरोजगारी जैसे मुददों को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। कहा, यूपी का चुनाव बिहार और पश्‍च‍िम बंगाल से भी खतरनाक होगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में चुनावों की शुरूआत हो चुकी है। बिहार-बंगाल से ज्यादा उत्तर प्रदेश के चुनाव खतरनाक होंगे। समाजवादी सरकार बनेगी तभी गरीबों, किसानों, नौजवानों का कल्याण होगा। वह बीकेटी इंटर कॉलेज में समाजवादी चिंतक भगवती सिंह की 89वीं जयंती के उपलक्ष्य में उनकी प्रतिमा का अनावरण कर रहे थे। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने विद्युत उत्पादन बढ़ाने का कोई काम नहीं किया। यहां मीटर तेज चलता है। बिजली का बिल बढ़कर आता है। भाजपाई समाजवादी पार्टी के घोषणा-पत्र में बिजली बिल कम किए जाने की बात की आशंका में डरे हुए हैं। बिजली के करेंट का झटका भाजपा को लगना जरूरी है। राष्ट्रीय संपित्तयों के निजीकरण पर अखिलेश यादव ने कहा कि जो संस्थाएं हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं उन्हें बेचा जा रहा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा ईस्ट इंडिया कंपनी व्यापार करने आई थी एक कानून के बाद वह सरकार बन गई जिसे हटाने के लिये लाखों लाखों लोगों ने जान दी तब देश आजाद हुआ। सोचो जब कंपनी सरकार बन सकती है। यहां पूरी सरकार कंपनी बनी जा रही है सरकार नहीं बचेगी। जो कानून पास किये जा रहे हैं, जब कंपनियां देश चलायेंगी तो हो सकता है हम लोगों को एक और लड़ाई लड़नी पड़े। कहा, कोरोना काल में ऐसा लॉकडाउन किया कि लोगों की नौकरी, रोजगार, व्यापार खत्म हो गया। बेरोजगारी बढ़ गयी। कोरोना से बड़ी संख्या में लोगों की मौत हो गयी। कहा, मरीजों को अस्पतालों में बेड, दवा और इलाज नहीं मिला। आक्सीजन के लिए भटकना पड़ा। दो साल में शिक्षा व्यवस्था चौपट है। आनलाइन पढ़ाई पटरी पर नहीं है। समाजवादी सरकार होती तो हर घर में लैपटाप पहुंचता।