रविवार से झमाझम बारिश के आसार

भोपाल :  मध्य प्रदेश में एक बार फिर से बारिश का दौर शुरू हो गया है। पिछले 36 घंटे से प्रदेश के कई जिलों में जमकर पानी बरसा है। जिससे तापमान में भी गिरावट महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात शनिवार को कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो गया है। मानसून ट्रफ भी ग्वालियर से होकर गुजर रहा है। इन दिनों दो सिस्टम के असर से मानसून सक्रिय हो गया है, जिसके चलते रविवार से पूरे मध्यप्रदेश में बारिश होने की संभावना है।


वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अजय शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार और रविवार को बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है। इससे मानसून ट्रफ की लाइन सामान्य स्थिति में आ सकती है, अरब सागर से आ रहीं नम हवाओं में मिलने के बाद राज्य में मानसून दस्तक देगा। अनुमान लगाया है कि राज्य में 30 अगस्त को मानसून एक बार फिर सक्रिय होगा और कई जिलों में भारी बारिश भी होगी। मौसम विज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटों में राज्य में लगातार बारिश होने की संभावना है। रीवा, ग्वालियर, चंबल, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, होशंगाबाद, जबलपुर और शहडोल संभागों में गरज-चमक के साथ बरसात हो सकती है। वहीं कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।


रविवार को जबलपुर, रीवा, शहडोल, सागर, भोपाल, होशंगाबाद, उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर एवं चंबल संभागों के जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पडऩे की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में दक्षिणी ओडिशा और उत्तर आंध्रप्रदेश तट के बीच कम दबाव का क्षेत्र बना है। इस सिस्टम के उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढऩे की संभावना है। मानसून ट्रफ फिरोजपुर, दिल्ली, ग्वालियर, झारसुगड़ा से कम दबाव के क्षेत्र से तब्दील होकर बंगाल की खाड़ी तक बना हुआ है। इन दो सिस्टमों के असर से रविवार से पूरे मप्र में बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।