मिशन 2022 फतह के लिए भाजपा ने बूथों पर तैनात किया कार्यकर्ताओं की फौज

वाराणसी : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मिशन 2022 फतह के लिए बूथ की मजबूती पर खासा ध्यान देने के साथ होमवर्क शुरू कर दिया है। प्रदेश में प्रचंड बहुमत से दोबारा सरकार बनाने के लिए पार्टी के शीर्ष से लेकर सेक्टर और बूथ के पदाधिकारी भी चुनावी तैयारियों को गति देने के लिए बैठकों के साथ बूथ पर भी लगातार सक्रिय हैं। पदाधिकारी 'एक बूथ पर 20 यूथ' कार्य योजना को अमलीजामा पहना रहे हैं। वाराणसी में सभी मंडलों के सभी बूथ पर बूथ अध्यक्षों एवं 20 कार्यकर्ताओं की नियुक्ति पूर्ण कर ली गई है।


पार्टी के स्थानीय सेक्टर प्रभारी अशोक पांडेय ने बुधवार को बताया कि 26 अगस्त से 31 अगस्त तक व्यापक अभियान चलाकर सभी बूथ समितियों का सत्यापन कर लिया गया है। प्रत्येक बूथ पर 05 मोटरसाइकिल वाले कार्यकर्ता एवं 05 स्मार्ट फोन वाले कार्यकर्ता की भी नियुक्ती कर ली गई है।


अशोक पांडेय ने बताया कि प्रत्येक 4 या 5 बूथ पर सेक्टर संयोजक एवं एक सेक्टर प्रभारी की नियुक्ति की गई है। बूथ सत्यापन के क्रम में बूथ सत्यापन अधिकारी पार्षद रोहित मौर्य ने राजर्षि मण्डल के बूथ संख्या 63,64 ,65 और 66 का सत्यापन सेक्टर संयोजक रूपेश वर्मा के आवास पर किया। बूथ सत्यापन के समय सेक्टर प्रभारी अशोक कुमार पांडेय, बूथ अध्यक्ष गुरु प्रसाद, धर्मराज, राजेश मौर्य अनिल मौर्य उपस्थित रहे।


प्रदेश भर में बूथ सत्यापन अभियान का समापन : भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष महेशचंद श्रीवास्तव के अनुसार पूरे प्रदेश भर में पार्टी की ओर से बीते 25 अगस्त से चल रहा बूथ सत्यापन अभियान 31 अगस्त को समाप्त हो गया। अंतिम दिन खुद उन्होंने शहर उत्तरी विधान सभा के शक्ति केंद्र (सेक्टर) नदेसर ए के कुल छह बूथों का सत्यापन किया। महेशचंद श्रीवास्तव ने बताया कि पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मजबूत बूथ संरचना की है। कार्यकर्ताओं के मजबूत इरादे विपक्ष के झूठ, फरेब को ध्वस्त कर चुनाव में कमल खिलायेंगे।