किसानों ने लुहारली प्लाजा एक घंटे टोल मुक्त रखा

दादरी : भारतीय किसान यूनियन (महाशक्ति) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्रदर्शन कर नेशनल हाइवे-91 स्थित लुहारली टोल को करीब एक घंटे तक शुल्क मुक्त रखा। वे हाइवे-91 की मरम्मत कराने की मांग कर रहे थे। हाइवे के अधिकारी के आश्वासन पर किसान शांत हुए और प्रदर्शन खत्म किया।


भारतीय किसान यूनियन (महाशक्ति) के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह और बुलंदशहर के जिला अध्यक्ष मौ. अली भाटी के नेतृत्व में सोमवार को करीब 12 बजे किसान इकट्ठे होकर लुहारली टोल प्लाजा पर पहुंचे और सभी लेन के बैरियर हटाकर प्लाजा को टोल मुक्त कर दिया।


किसान नेताओं का कहना है कि काफी लंबे समय से यह हाइवे टूटा पड़ा है। किसान, मजदूर और गरीब सड़क टूटी होने के कारण हादसे के शिकार हो रहे हैं। इसकी मरम्मत के लिए कई बार सूचित किया जा चुका है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे नाराज होकर यूनियन के कार्यकर्ता टोल प्लाजा पर पहुंचे और प्रदर्शन किया। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस, प्रशासन, हाइवे के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। हाइवे के अधिकारी की ओर से रोड की जल्द मरम्मत कराने के आश्वसन के बाद किसान शांत होकर वापस लौट गए। जीटी रोड प्राधिकरण के मैनेजर मेंटेनेंस टीके सिंह ने बताया कि टूटी हुई सड़क की मरम्मत का काम चालू करा दिया गया है। यह काम जल्द ही पूरा हो जाएगा।


लुहारली टोल प्लाजा के प्रबंधक बजरंग सैनी ने बताया कि करीब एक घंटे टोल मुक्त रहने से करीब एक लाख रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ है।