रैपिड किट से प्रतिदिन औसतन 10 डेंगू मरीज की पुष्टि

नोएडा : रैपिड किट से प्रतिदिन नोएडा-ग्रेनो में औसतन 10 डेंगू मरीजों की पुष्टि हो रही है, लेकिन बिना क्रॉस जांच इन मरीजों में बीमारी की पुष्टि नहीं की जा रही है। बुधवार को जिला अस्पताल में 90 नमूनों की क्रॉस जांच होनी है। इसके बाद आधिकारिक तौर पर मरीजों की संख्या स्पष्ट होगी।


निजी और सरकारी अस्पतालों में एक सप्ताह से प्रतिदिन औसतन 10-12 मरीजों में डेंगू की पुष्टि की जा रही है। रैपिड किट से जांच में पुष्टि के बाद इन मरीजों का इलाज भी शुरू कर दिया गया है। इन मरीजों के नमूने स्वास्थ्य विभाग को भेजे गए हैं। ताकि क्रॉस जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो सके। जिला अस्पताल में तीन दिन से लगातार एक-दो डेंगू मरीज मिल रहे हैं। इन मरीजों की जांच रैपिड किट से की गई है। जिला मलेरिया विभाग ने अब तक 13 डेंगू मरीजों की पुष्टि की है। इन मरीजों की पुष्टि भी क्रॉस जांच के बाद की गई है। अब तक एलाइजा किट से 101 लोगों की जांच की जा चुकी है। इसमें जिला अस्पताल में 42 और शिशु अस्पताल में 59 मरीजों की जांच हुई है। जिला अस्पताल में रैपिड किट से 974 की जांच हुई है।


जिला मलेरिया अधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि नमूनों की क्रॉस जांच के बाद डेंगू मरीजों की सही संख्या स्पष्ट होती है। सभी निजी और सरकारी अस्पतालों से रैपिड किट से जांच के बाद मरीजों के नमूने भी मांगे गए हैं। ताकि क्रॉस जांच कर मरीज में डेंगू बीमारी की स्थिति जानी जा सके।