उत्तर पश्चिमी हवाओं से दिन का बढ़ रहा तापमान

कानपुर : चार महीने बारिश के दिन अब जा चुके हैं और मानसून की वापसी से दिन रात के तापमान में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। दिन के तापमान में जहां बढ़ोत्तरी हो रही है तो वहीं रात के में सर्द हवाएं चल रही हैं। इसके साथ ही उत्तरी पश्चिमी हवाओं से भी दिन का तापमान बढ़ रहा हे।


चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ एसएन सुनील पांडेय ने रविवार को बताया कि दक्षिण पश्चिम मानसून वापसी की ओर है। इसके साफ संकेत दिख रहे हैं, क्योंकि दिन का तापमान बढ़ रहा है और रात का तापमान घट रहा है। इसके चलते कानपुर में भी मौसम में बदलाव नजर आने लगा है, रात में हल्की ठंड तो दिन चिलचिलाती धूप लोगों को परेशान कर रही है।


बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून आधिकारिक तौर पर 30 सितम्बर को समाप्त हो गया। हालांकि, पिछले वर्षों के विपरीत, दक्षिण-पश्चिम मानसून की आधिकारिक तिथि समाप्त होने के बाद भी मानसून की विदाई नहीं हुई थी। अब मानसून की वापसी के लिए मौसम की स्थिति अनुकूल बनी हुई है। वर्तमान में मानसून वापसी रेखा राजस्थान के बीकानेर, जोधपुर और गुजरात के भुज से होकर गुजर रही है।


मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि आमतौर पर जब मानसून पीछे हटता है, तो साफ आसमान की स्थिति के साथ-साथ हवा के पैटर्न में बदलाव होता है। यह बदलाव अब पूरी तरह से दिखने लगा है। आगामी दिनों में उत्तर प्रदेश में आसमान पूरी तरह से साफ हो जाएगा। बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सापेक्षिक आर्द्रता सुबह की 92 फीसद और दोपहर की 49 फीसद रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं, जिनकी रफ्तार 3.3 किमी प्रति घंटा रही।