कौशांबी थाने के पास परोसा जा रहा नशा

साहिबाबाद : कौशांबी थाना से चंद कदम दूर स्थित एंजल माल नशा का अड्डा बना है। पुलिस यहां चलने वाले हुक्काबारों पर शिकंजा नहीं कस रही है। स्थानीय लोग पुलिस को कठघरे में खड़ा कर रहे हैं। बदनाम है माल : एंजल माल नशेबाजी के लिए बदनाम है। यहां रेस्टोरेंट की आड़ में हुक्काबार चलते हैं। वैसे तो यहां दिनभर युवक-युवतियां, किशोर और किशोरी आकर नशा करते हैं मगर शाम होते ही संख्या में काफी भीड़ एकत्र हो जाती है। देर रात तक नशे की हालत में झूमते युवक-युवतियां बाहर निकलते हैं। स्थानीय निवासी इससे परेशान हैं। इसकी तमाम बार अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं लेकिन कार्रवाई के नाम खानापूरी पूरी ही होती है। पुलिस कठघरे में : एंजल माल कौशांबी थाना के पास स्थित है। बावजूद इसके यह नशे का अड्डा बना हुआ है। 18 नवंबर को यहां लीकर हाउस कैफे में हुक्काबार चलता पाया गया। इसके पहले यहां 31 दिसंबर 2020 की रात और सितंबर में नो रूल्स कैफे में हुक्काबार चलता मिला था। थाने से चंद कदम की दूरी पर हुक्काबारों पर अंकुश नहीं लग पाने से पुलिस की कार्यशैली की पूरी तरह से पोल खुल रही है। संचालकों पर मेहरबानी : हुक्काबारों पर हुईं कार्रवाईयों पर गौर करें तो पता चलता है कि ज्यादातर में संचालक नहीं पकड़े गए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पुलिस कर्मचारियों और ग्राहकों को पकड़ कर कार्रवाई की खानापूरी कर देती है। संचालकों पर पुलिस पूरी तरह से मेहरबान रहती है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बिना पुलिस की मिलीभगत से यह अवैध काम नहीं हो सकता है। इसकी उच्चाधिकारियों को जांच करके कड़ी कार्रवाई करनी होगी, तभी यहां हुक्काबारों पर अंकुश लगेगा। वहीं, पुलिस क्षेत्राधिकारी इंदिरापुरम अभय कुमार मिश्र ने बताया कि हुक्काबार में नशा परोसने वालों पर कार्रवाई की गई है।