साहिबाबाद : दुष्कर्म के आरोपी जेई को किया गिरफ्तार

साहिबाबाद :  साहिबाबाद थाना क्षेत्र में बिजली विभाग के अवर अभियंता (जेई) द्वारा शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। अब पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी जेई को गिरफ्तार कर लिया। जबकि जेई के खिलाफ दो महीने पहले सितंबर में रिपोर्ट दर्ज हो चुकी थी।


गोरखपुर निवासी निर्भय सिंह बिजली विभाग के अवर अभियंता (जेई) हैं। उनकी तैनाती राजेंद्र नगर बिजली घर में थी। साहिबाबाद थाना क्षेत्र की एक युवती ने जेई निर्भय सिंह के खिलाफ दर्ज कराए मुकदमे में बताया कि वर्ष 2017-18 से ही निर्भय सिंह उसको फोन कर परेशान करता रहता था। कई बार बिना बताए ही घर आ जाता था। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने पीड़िता को अपने फ्लैट पर बुलाया और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया और उसके फोटो भी खींचे थे। इस बीच निर्भय सिंह ने दूसरी युवती से शादी तय कर ली। उन्होंने शादी का विरोध किया तो आरोपी ने अभद्रता की। आरोप है कि आरोपी निर्भय और उसके भाई चंदन ने जान से मारने की धमकी भी दी। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर निर्भय और चंदन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। साहिबाबाद थाना प्रभारी नागेंद्र चौबे ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पहले ही शिकायत दर्ज कर ली गई थी। अब आरोपी निर्भय सिंह को गिरफ्तार कर जेल भिजवाने की कार्रवाई की गई है।