विधवा को आत्महत्या के लिए विवश करने का आरोपी जेल भेजा

लोनी : विधवा को आत्महत्या के लिए विवश करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। आरोपी ने पहले महिला को प्रेम जाल में फंसाकर उसका शारीरिक व आर्थिक उत्पीड़न किया उसके बाद किसी दूसरी महिला से संबंध बना लिए। जिसको लेकर महिला तनाव में रहने लगी और उसने आत्महत्या कर ली थी। लोनी थाना प्रभारी अजय चौधरी ने बताया कि सभापुर दिल्ली के राहुल शर्मा पुत्र धर्मवीर शर्मा का डीएलएफ चौकी क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाली करीब 30 वर्षीय विधवा महिला के घर आना जाना था। राहुल शर्मा ने महिला को प्रेमजाल में फंसाकर उसका शारीरिक उत्पीड़न किया तथा उससे काफी पैसे भी हड़प लिए। कुछ दिन बाद राहुल ने उसे छोड़ दूसरी महिला से संबंध बना लिए तथा उसके उधार लिए पैसे भी नहीं लौटाए। जिसको लेकर महिला तनाव में रहने लगी और उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला दो बेटो की मां थी। उसकी मौत के बाद उसकी एक सहेली ने राहुल के विरुद्ध लोनी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शनिवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।