जनकपुरी में नामी कंपनी के शोरूम का ताला तोड़कर 56 लाख रुपये ले उड़े बदमाश

नई दिल्ली : राजधानी के जनकपुरी इलाके में बाटा शोरूम में चोरी का मामला सामने आया है। बदमाशों ने शोरूम का शटर तोड़कर अंदर मेन लॉकर में रखे करीब 56 लाख रुपये पर हाथ साफ कर दिया। शातिर बदमाशों ने पुलिस से बचने के लिए अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी तोड़ दिया। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।


जानकारी के मुताबिक जनकपुरी मेन मार्केट में बाटा के जूतों का शोरूम है। यहां सागरपुर निवासी प्रकाश सिंह मैनेजर हैं। प्रकाश ने पुलिस में दी शिकायत में बताया 18 दिसंबर को उन्होंने रात करीब साढ़े 9 बजे शोरूम बंद करवाया था। अगले दिन बिल्डिंग मालिक ने कॉल कर शोरूम का शटर और अंदर मेन गेट का शीशा टूटा होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रकाश शेरूम के अन्य कर्मियों के साथ वहां पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी। शोरूम के अंदर जाकर स्टोर की जांच की गई तो मेन लॉकर टूटा मिला। उसकी जांच में लॉकर में रखी करीब 55.68 लाख से अधिक की नकदी गायब मिली। जनकपुरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौके से क्राइम टीम ने साक्ष्य एकत्र कर उसे जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस शोरूम के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि वारदात में शोरूम के ही किसी कर्मचारी का हाथ हो सकता है। पुलिस कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है।