पत्नी के प्रेमी ने साथियों संग की थी श्रीराम की हत्या, टेस्‍ट ड्राइव के बहाने लखनऊ से क‍िया था अपहरण

लखनऊ : लोहिया संस्थान से अगवा कर्मचारी श्रीराम की हत्या कर दी गई। हत्या की साजिश के आरोप में पुलिस ने श्रीराम की पत्नी संगीता व उसके प्रेमी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। एसीपी विभूतिखंड अनूप सिंह के मुताबिक संगीता ने अपने प्रेमी अवशिष्ट कुमार से पति को रास्ते से हटाने के लिए कहा था। इसके बाद अवशिष्ट ने अपने साथियों की मदद से घटना को अंजाम दिया।


पुलिस के मुताबिक संगीता का राजकीय पालीटेक्निक जहांगीराबाद में प्रोफेसर अवशिष्ट से पहले से प्रेम प्रसंग था। दोनों अक्सर छिपकर मिलते थे। इस बात की जानकारी श्रीराम को हो गई थी। श्रीराम ने संगीता को इसके लिए टोका था और आए दिन दोनों में विवाद होता था। पति के रोकटोक से परेशान संगीता ने अवशिष्ट से श्रीराम को रास्ते से हटाने के लिए कहा था। इसके बाद अवशिष्ट ने पालीटेक्निक कालेज के पास मछली पालन करने वाले दो परिचितों सुमैया नगर कोतवाली बाराबंकी निवासी सुशील और संतोष से संपर्क किया।


अवशिष्ट ने दोनों को श्रीराम की हत्या के लिए तैयार कर लिया। साजिश के तहत सुशील और संतोष श्रीराम के पास उनकी गाड़ी का खरीदार बनकर पहुंचे। दोनों ने टेस्ट ड्राइव की बात कही और साथ में निकल गए। बीबीडी के पास दोनों ने साजिश के तहत अपनी परिचित महिला कुंती को गाड़ी में बिठा लिया। आरोपितों ने उसे परिवार का सदस्य बताकर गाड़ी पसंद करने के लिए बुलाने की बात कही। श्रीराम को उनकी बातों पर यकीन हो गया। इसके बाद आरोपित उन्हें गाड़ी में घुमाते रहे। अंधेरा होने पर किसान पथ कुर्सी राेड लेकर गए।


पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि इस दौरान अवशिष्ट अपनी कार से पीछे पीछे चल रहा था। नहर के किनारे आरोपितों ने गाड़ी रोकी। तभी अवशिष्ट भी वहां आ गया। इससे पहले कि श्रीराम कुछ समझते सुशील ने तमंचे से उनके सीने में गोली मार दी। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे इंदिरा नहर में फेंक दिया था। पुलिस ने इंदिरा नहर में गोताखोरों की मदद से शव की खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस का कहना है कि शव की तलाश की जा रही है। हत्या में इस्तेमाल तमंचा पुलिस ने मटियारी से बरामद कर लिया है।