बाबर आजम बने ICC क्रिकेटर ऑफ द ईयर

पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम साल 2022 के ICC मेंस क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुने गए हैं। इसके अलावा उन्होंने वनडे क्रिकेटर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड भी जीता है। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स मेंस टेस्ट प्लेयर ऑफ द ईयर चुने गए हैं। एक दिन पहले टी-20 मेंस क्रिकेटर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड भारत के सूर्यकुमार यादव ने जीता था।

लगातार दूसरे साल मेंस क्रिकेटर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड किसी पाकिस्तानी खिलाड़ी को मिला है। पिछले साल तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी ने बाजी मारी थी। मेंस क्रिकेटर ऑफ द ईयर को सर गारफील्ड सोबर्स ट्रॉफी दी जाती है।

दावेदारों में कोई भारतीय नहीं
ICC क्रिकेटर ऑफ द ईयर अवॉर्ड के दावेदारों में कोई भारतीय क्रिकेटर नहीं था। इसमें पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम के अलावा इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स, न्यूजीलैंड के टेस्ट कप्तान टिम साउदी और जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा के नाम थे।

अब जानते हैं इस अवॉर्ड के बारे में
2004 में शुरू हुए ICC के सबसे प्रतिष्ठित क्रिकेटर ऑफ द ईयर अवॉर्ड को वेस्टइंडीज के दिग्गज सर गारफील्ड सोबर्स के नाम पर दिया जाता है। क्रिकेट जगत के सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर में से एक सोबर्स ने 1954 में क्रिकेट खेलना शुरू किया था। विंडीज के लिए 93 टेस्ट में उन्होंने 8032 रन बनाए। इनमें 26 शतक और 30 अर्धशतक आए। इस दौरान उन्होंने 235 विकेट भी लिए। 

किस आधार पर मिलता है अवॉर्ड?
ICC हर साल सभी फॉर्मेट में साल के बेस्ट क्रिकेटर्स को सम्मानित करता है। इनमें विमेंस और मेंस क्रिकेट के 9 अलग-अलग अवॉर्ड शामिल होते हैं। सभी कैटेगरी में 4 प्लेयर्स को नॉमिनेट किया जाता है। ICC की वेबसाइट पर इन चारों में से बेस्ट प्लेयर्स को वोट करने के लिए पोल रहता है।

वहीं, ICC के अवॉर्ड पैनल में क्रिकेट के मशहूर लेखक, दुनियाभर के ब्रॉडकास्टर्स और दिग्गज क्रिकेटर शामिल रहते हैं। आखिर में फैन पोल के पॉइंट्स और अवॉर्ड पैनल की राय के आधार पर क्रिकेटर ऑफ द ईयर के अवॉर्ड दिए जाते हैं। आमतौर पर अवॉर्ड पैनल में शामिल एक्सपर्ट्स के नाम जारी नहीं किए जाते।

लगातार दूसरी बार वनडे क्रिकेटर ऑफ ईयर बने बाबर
बाबर आजम लगातार दूसरी बार वनडे के क्रिकेटर ऑफ ईयर बने हैं। वे साल 2021 के वनडे क्रिकेटर ऑफ ईयर भी थे। वे टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली और एबी डिविलियर्स के क्लब में शामिल हो गए हैं।

बाबर से पहले ये धोनी, कोहली और डिविलियर्स लगातार दो बार वनडे क्रिकेटर ऑफ ईयर बन चुके हैं। धोनी को 2008 और 2009 में लगातार दो बार ICC वनडे प्लेयर ऑफ द ईयर चुना गया था। जबकि एबी डिविलियर्स 2014 और 2016 में इस अवॉर्ड से नवाजे गए थे। वहीं, विराट कोहली को 2017 और 2018 में लगातार दो बार यह अवॉर्ड मिला था।

बेन स्टोक्स टेस्ट क्रिकेटर ऑफ ईयर
इंग्लिश कप्तान बेन स्टोक्स टेस्ट प्लेयर ऑफ ईयर चुने गए हैं। इस अवॉर्ड के दावेदारों की सूची में स्टोक्स के अलावा जॉनी बेयरस्टो , उस्मान ख्वाजा और कगिसो रबाडा शामिल थे।

एक दिन पहले सूर्या टी-20 के क्रिकेटर ऑफ द ईयर बने
एक दिन पहले बुधवार को भारतीय बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ICC मेंस टी-20 प्लेयर ऑफ ईयर बने थे। वे यह मुकाम हासिल करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज हैं।