गाजियाबाद कोर्ट में घुसा तेंदुआ

उत्तर प्रदेश: (जानू चौधरी) गाजियाबाद कोर्ट परिसर में बुधवार शाम एक तेंदुआ घुस गया। उसने पुरानी बिल्डिंग के पास दो वकील और जूता पॉलिश करने वाले समेत 5 लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। जूता पॉलिश करने वाले युवक के कान पर झपट्टा मारा। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तेंदुआ घुसते ही पुरानी बिल्डिंग के सारे कोर्ट रूम खाली करा लिए गए। पूरी कचहरी में दहशत और अफरा-तफरी मच गई। वकीलों और कोर्ट परिसर में मौजूद अन्य लोगों ने किसी तरह भागकर जान बचाई। 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने तेंदुआ को पकड़ा। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इनमें दिख रहा है कि दो वकील फावड़ा और डंडा लेकर तेंदुए को पकड़ने के लिए बिल्डिंग में घूम रहे हैं। तीसरा वकील इसका वीडियो बना रहा है। इसी बीच तेंदुआ उन पर हमला कर देता है। वहीं, वकील भी तेंदुए पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। तेंदुए के कोर्ट परिसर में घुसने के करीब आधे घंटे बाद वन विभाग की 12 सदस्यीय टीम रेस्क्यू के लिए पहुंची। टीम अपने साथ जाल और पिंजरा लेकर आई है। फिलहाल मुख्य कोर्ट बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर लोहे का चैनल बंद है। बिल्डिंग के बाहर कोर्ट स्टाफ, कर्मचारी, वकील समेत सैकड़ों लोगों की भीड़ लगी है। वन विभाग की टीम कोर्ट की मुख्य बिल्डिंग के अंदर दाखिल हो गई है, जिसमें तेंदुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया, "करीब सवा 4 बजे CJM कोर्ट बिल्डिंग में ग्राउंड फ्लोर पर सीढ़ियों के नीचे तेंदुआ पहली बार देखा गया। लोगों को देखते ही तेंदुआ वहां से भागा। वह लोगों पर झपट्‌टा मारते हुए भागने लगा। तेंदुए के हमले में दो ‌‌वकील, एक सिपाही, जूता पॉलिश करने वाला और एक व्यक्ति समेत 5 लोग घायल हुए हैं। करीब पांच मिनट तक हमला करते हुए तेंदुआ कोर्ट बिल्डिंग की लिफ्ट में जा घुसा। इसके बाद बिल्डिंग में ऊपर की तरफ चला गया। घटना के सामने आए एक दूसरे वीडियो में तेंदुआ बिल्डिंग में लोहे की ग्रिल के किनारे बैठा दिखाई दे रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सबसे पहले उन्होंने ग्राउंड फ्लोर पर सीढ़ियों के पास इस तेंदुए को देखा। इसके बाद तेंदुआ हमला करता चला गया। 


15 से ज्यादा जज बिल्डिंग में आधा घंटा फंसे रहे
तेंदुए की खबर मिलते ही अपने-अपने कोर्ट में काम कर रहे 15 से ज्यादा जज रेस्ट रूम या ऑफिस के अंदर चले गए और गेट बंद कर लिया। करीब आधा घंटे बाद पुलिस इस बिल्डिंग में दाखिल हुई। इसके बाद सभी जजों को पुलिस सिक्योरिटी में बिल्डिंग से बाहर निकाला गया।