कांग्रेस से गठबंधन पर चौटाला को ऐतराज नहीं

रियाणा के पूर्व सीएम और इनेलो सुप्रीमो ओपी चौटाला रविवार को हिसार पहुंचे और दूरदर्शन केंद्र पर जाकर धरने पर बैठे कर्मचारियों को समर्थन दिया। चौटाला ने हरियाणा की मौजूदा BJP-JJP सरकार को लुटेरी सरकार बताया और BJP को हराने के लिए जरूरत पड़ने पर कांग्रेस से समझौते की संभावना से भी इनकार नहीं किया।

चुनाव में कांग्रेस से गठबंधन करने संबंधी सवाल पर चौटाला ने कहा कि हमारा किसी से द्वेष या दुश्मनी नहीं है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही चौटाला गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने हुड्‌डा का हालचाल जानने के लिए उनसे मुलाकात की थी। गौरतलब है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में BJP को हराने के लिए देशभर की तमाम सियासी पार्टियां एकजुट होने की कोशिश कर रही हैं। जदयू नेता और बिहार के सीएम नीतिश कुमार भी कह चुके हैं कि कांग्रेस को आगे बढ़कर इसकी पहल करनी चाहिए।

चौटाला ने कहा कि हम तो इतना ही चाहते हैं कि समूचे देश का भविष्य उज्जवल हो। किसी समय हमारा देश गरीब मुल्कों की आर्थिक मदद किया करता था और आज नौबत ये आ चुकी है कि देश को चलाने के लिए लगातार कर्ज लेना पड़ रहा है।

चौटाला ने कहा कि प्रदेश में विकास के नाम पर एक ईंट नहीं लगी। उनकी सरकार के समय जो सड़कें बनी थी, मौजूदा सरकार उनकी मरम्मत तक नहीं करवा पा रही। भाजपा और जजपा प्रदेश को लूटने में लगी है। सत्ता पक्ष से जुड़े लोग भी सरकार को छोड़कर भाग रहे हैं।

इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने भविष्यवाणी की कि बहुत जल्दी BJP और JJP का गठबंधन टूट जाएगा और मनोहर लाल की सरकार अल्पमत में आ जाएगी। उन्होंने प्रदेश में जल्दी विधानसभा चुनाव होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया।

बजट में उम्मीद न रखें

चौटाला ने हरियाणा सरकार के बजट सत्र के बारे में कहा कि इस सरकार ने अतीत में कुछ दिया होता तो भविष्य की उम्मीद होती है। ये तो लुटेरे हैं, किसी को कुछ देने वाले नहीं। इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि उनकी पार्टी की पदयात्रा से अंदाजा हो जाएगा कि लोग क्या चाहते हैं? इस सरकार का अंत बहुत जल्दी होगा।

सरकार बंद कर चुकी हिसार दूरदर्शन केंद्र

गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने जनवरी में हिसार दूरदर्शन केंद्र को बंद कर दिया। इसी के विरोध में अनुबंधित कर्मचारी विरोध कर रहे हैं। कर्मचारी अब तक हिसार के BJP लोकसभा मेंबर बृजेंद्र सिंह, कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्‌डा समेत भाजपा और जजपा के तमाम विधायकों को अपना मांग पत्र सौंप चुके हैं। वह शहर के जनसंगठनों के साथ मिलकर BJP विधायकों के घर के आगे धरना भी लगा चुके हैं।

राज्यसभा में उठ चुका मामला
हिसार दूरदर्शन केंद्र का मामला राज्यसभा में उठ चुका है। सासंद दीपेंद्र हुड्‌डा ने यह मामला उठाया था। हिसार दूरदर्शन केंद्र चौधरी देवीलाल के नाम पर था और उनकी स्मृति में तत्कालीन केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री सुषमा स्वराज ने इसका उद्घाटन किया था।