मानसून की विदाई के बीच देश में बारिश का असर

देश के अधिकांश हिस्से से मानसून की वापसी हो चुकी है, लेकिन बारिश का असर बना हुआ है। तमिलनाडु में भारी बारिश के कारण CM एमके स्टालिन ने 15 अक्टूबर तक 4 जिलों के सभी स्कूल-कॉलेज में छुट्टी का निर्देश दिया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में अगले 4 दिन भारी बारिश का अलर्ट है। आज चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम और चेंगलपट्टू में भारी का अलर्ट है। बेंगलुरु, अंडमान, नई दिल्ली और मस्कट से चेन्नई आने-जाने वाली आठ उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।

मध्य प्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और दक्षिणी भारत के राज्यों में हल्की से तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य प्रदेश में लो प्रेशर एरिया डिप्रेशन में बदल गया है। वहीं, ट्रफ भी गुजर रही है।

इसके कारण से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो रही है। वहीं, रात को हल्की ठंड का असर दिखने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक, MP में 20 अक्टूबर से ठंड का असर और बढ़ेगा। हालांकि, दिन का तापमान 33-34°C डिग्री के बीच बना रहेगा। अक्टूबर के आखिरी हफ्ते में दिवाली के करीब तापमान में बड़ी गिरावट आने की संभावना है।

अगले दो दिन में छत्तीसगढ़ से मानसून की वापसी पूरी तरह से हो जाएगी। मौसम विभाग के मुताबिक, अब प्रदेश में ड्राई हवा का असर दिखेगा, रात का तापमान गिरेगा। उत्तर-पूर्वी हवाओं ने छत्तीसगढ़ के बड़े हिस्से को कवर किया है।

आंध्र-प्रदेश में अगले तीन दिन भारी बारिश

मौसम विभाग ने 17 अक्टूबर तक आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके कारण बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व में लो प्रेशर एरिया का बनना है। आंध्र प्रदेश के तटीय इलाके, रायलसीमा, यानम में बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया है। यहां 60 kmph की रफ्तार से हवा भी चलेगी। चित्तूर, कुर्नूल, कडप्पा और अनंतपुर जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है।

इस बीच, मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने मौसम की स्थिति और उससे निपटने की उनकी तैयारियों पर जिला कलेक्टरों, अधिकारियों और मंत्रियों के साथ टेलीकॉन्फ्रेंसिंग की। नायडू ने निर्देश दिया है कि जहां भारी बारिश होने की संभावना है, वहां रहने वाले लोगों को पहले से अलर्ट किया जाए। लोगों के मोबाइल पर मैसेज भेजें।

दिल्ली-NCR में पहले स्टेज का एंटी-पॉल्यूशन प्लान एक्टिव

दिल्ली NCR में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) लगातार खराब है। इसके चलते सोमवार सुबह 8 बजे से नोएडा समेत NCR के सभी शहरों में स्टेज-1 का ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रेप) को लागू किया जा रहा है। ये निर्णय कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) की एक बैठक के बाद लिया गया।

दिल्ली-NCR में एयर क्वालिटी इंडेक्स 201 से 300 के बीच है। ऐसे में स्टेज-1 को लागू किया जा रहा है। इसके तहत कारखानों में जनरेटर पर रोक लगा दी गई है। साथ ही कंस्ट्रक्शन कार्यों और होटलों में तंदूर बैन कर दिया गया है।

जैसे-जैसे प्रदूषण का स्तर बढ़ेगा, पाबंदियों को बढ़ाया जाएगा। इसका दूसरा चरण 301 से 400 के बीच में होने पर लागू होगा। AQI 401 से 450 के बीच में होने पर तीसरे चरण पर निगरानी होगी। AQI 450 से ज्यादा होने पर चौथे चरण पर ग्रेप की पाबंदियां लागू होंगी। इस आदेश की कापी NCR के सभी प्राधिकरण, जिला प्रशासन को भेज दी गई है।

ये पाबंदियां और सावधानियां

सभी प्रकार के कंस्ट्रक्शन मटेरियल को ढंक कर रखना होगा। सड़कों पर पानी का छिड़काव और मैकेनिकल स्वीपिंग की जाए।

शहर के प्रमुख चौराहों पर एंटी स्मॉग गन का प्रयोग किया जाए।

ओपन एरिया में किसी प्रकार का कूड़ा वगैरह नहीं जलाया जाएगा।

सड़कों पर लगने वाले जाम को नियंत्रित किया जाए। पॉल्यूशन फैलाने वाली गाड़ियों पर ज्यादा से ज्यादा जुर्माना लगाया जाए।

शहर में अवैध रूप से स्टोन क्रशर और अन्य कंस्ट्रक्शन पर रोक लगाई जाए।

हॉट मिक्स प्लांट को बंद कराया जाए। जनरेटर पर पाबंदी हो।

होटल रेस्टोरेंट में तंदूर पर प्रतिबंध।

सड़कों पर 10 साल से अधिक डीजल और 15 साल से अधिक पेट्रोल वाहनों पर रोक।