टीम इंडिया के कप्तान Suryakumar Yadav ने वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद हनुमान मंदिर में टेका माथा

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर खिताब जीत लिया है। इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में दिवाली जैसा माहौल है। प्रशंसक सड़कों पर नाच रहे हैं, आतिशबाजी कर रहे हैं और तिरंगा फहराकर खुशी मना रहे हैं। इधर कप्तान सूर्यकुमार यादव देर रात वर्ल्ड कप ट्रॉफी लेकर अहमदाबाद के हनुमान मंदिर पहुंचे और पूजा की। इस दौरान ICC चेयरमैन जय शाह और टीम के हेड कोच गौतम गंभीर भी उनके साथ थे।


...

भारत टी-20 में तीसरी बार वर्ल्ड चैंपियन, न्यूजीलैंड को हराकर रचा इतिहास

टी-20 वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का एक विज्ञापन आया। इसमें रोहित कहते नजर आए- 'टीम इंडिया हिस्ट्री रिपीट भी करेगी और टीम इंडिया हिस्ट्री डिफीट भी करेगी।'

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर हिस्ट्री रिपीट भी की और हिस्ट्री डिफीट भी की।

2024 का कारनामा 2026 में दोहराया

रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम ने 29 जून 2024 को टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। टीम ने बारबाडोस में साउथ अफ्रीका को 7 रन के अंतर से हराया। आज टीम इंडिया ने टी-20 वर्ल्ड कप जीतने का कारनामा 2026 में भी दोहरा दिया।

हिस्ट्री डिफीट कैसे?

3 इतिहास बदले

पहला: पहली बार किसी होम टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप जीता। इससे पहले कोई मेजबान टीम इस टूर्नामेंट में चैंपियन नहीं बनी।

दूसरा: पहली बार किसी टीम ने लगातार दो टी-20 वर्ल्ड कप जीते। इससे पहले कोई भी टीम अपना टाइटल डिफेंड नहीं कर सकी थी।

तीसरा: पहली बार किसी टीम ने तीन बार टी-20 वर्ल्ड कप जीते। किसी अन्य टीम ने इस टूर्नामेंट के 3 टाइटल नहीं जीते हैं।

ओपनर्स ने मजबूत शुरुआत दिलाई

मैच का टॉस न्यूजीलैंड ने जीता और कप्तान मिचेल सैंटनर ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय ओपनर्स ने पावरप्ले के अंदर सैंटनर के फैसले को गलत साबित कर दिया। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की जोड़ी ने पावरप्ले के 6 ओवर में बिना नुकसान के 92 रन बना डाले। जो टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे बड़े पावरप्ले स्कोर की बराबरी रही।

भारतीय ओपनर्स ने रिकॉर्ड साझेदारी की

भारतीय ओपनर्स ने 98 रन की ओपनिंग साझेदारी की। इसे रचिन रवींद्र ने अभिषेक शर्मा को कैच आउट कराकर तोड़ा। अभिषेक 21 गेंदों में 52 रन बनाकर आउट हो गए। यह टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास में सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी है।

सैमसन-ईशान में शतकीय साझेदारी, स्कोर 200 पार

अभिषेक के आउट होने के बाद ईशान किशन क्रीज पर आए। सैमसन ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। इस जोड़ी ने 48 बॉल पर 105 रन जोड़े। इसकी मदद से टीम इंडिया का स्कोर 15 ओवर में 200 के पार पहुंच गया।

नीशम ने भारत का रन रेट रोका, दुबे ने 250 पार पहुंचाया

एक समय लग रहा था कि भारतीय टीम 20 ओवर में 300 रन का आंकड़ा पार कर लेगी। हालाकि, 16वां ओवर लेकर आए जिमी नीशम ने एक ओवर में 3 विकेट लेकर रन रेट पर ब्रेक लगा दिया। उन्होंने पहली बॉल पर संजू सैमसन (89 रन), 5वीं बॉल पर ईशान किशन (54 रन) और आखिरी बॉल पर कप्तान सूर्यकुमार यादव (जीरो) को पवेलियन भेजा।

अगली 24 बॉल पर 28 रन ही बने। उसके बाद शिवम दुबे ने 20वें ओवर में 3 चौके और 2 छक्के के सहारे 24 रन बनाए और टीम इंडिया का स्कोर 255 रन पहुंचा दिया। यह टी-20 इंटरनेशनल में फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर है।

रनचेज में न्यूजीलैंड की खराब शुरुआत, 3 बैटर्स आउट

256 रन का टारगेट चेज कर रही न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही। टीम ने पावरप्ले में 52 रन बनाने में 3 विकेट गंवा दिए। फिन एलन (9 रन), रचिन रवींद्र (एक रन) और ग्लेन फिलिप्स (5 रन) जल्दी आउट हो गए।

टिम साइफर्ट की फिफ्टी, लेकिन जीत से दूर रहे

शुरुआती विकेट जल्दी गंवाने के बावजूद ओपनर टिम साइफर्ट ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने 26 बॉल पर 52 रन की पारी भी खेली। उनके अलावा कप्तान मिचेल सैंटनर ने 43 रन बनाए, लेकिन टीम की हार नहीं टाल सके। टीम 19 ओवर में 159 रन पर ऑलआउट हो गई।

बुमराह प्लेयर ऑफ द मैच, सैमसन प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट

फाइनल मुकाबले में 15 रन देकर 4 विकेट लेने वाले जसप्रीत बुमराह प्लेयर ऑफ द मैच रहे। वहीं, 5 मैच में 3 फिफ्टी के सहारे 321 रन बनाने वाले संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।



...

टीम इंडिया का रिकॉर्ड: 15वीं बार ICC फाइनल में पहुंचा भारत

भारतीय क्रिकेट टीम ICC टूर्नामेंट के इतिहास में रिकॉर्ड 15वीं बार फाइनल खेलने उतरेगी। 1983 में Kapil Dev की कप्तानी में मिली पहली ICC Cricket World Cup 1983 जीत से शुरू हुआ यह सफर भारत को अब तक 7 ICC ट्रॉफियां दिला चुका है।

ICC टूर्नामेंट्स (वनडे वर्ल्ड कप, ICC Champions Trophy, ICC Men's T20 World Cup और ICC World Test Championship) के इतिहास में Australia national cricket team सबसे सफल टीम रही है। ऑस्ट्रेलिया ने 14 फाइनल में से 10 बार खिताब अपने नाम किया है। वहीं 2002 की ICC Champions Trophy 2002 का भारत-श्रीलंका फाइनल लगातार बारिश के कारण दो दिन में भी पूरा नहीं हो सका था, जिसके बाद दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया था।

टीम इंडिया ने अपना पिछला ICC खिताब Rohit Sharma की कप्तानी में ICC Champions Trophy 2025 के फाइनल में New Zealand national cricket team को हराकर जीता था। अब Suryakumar Yadav की कप्तानी में भारतीय टीम 8 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ एक और ICC ट्रॉफी जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।


...

भारत-इंग्लैंड मुकाबला देखने स्टेडियम पहुंचे कई सेलेब्रिटी

बॉलीवुड एक्टर आलिया भट्ट और रणबीर कपूर गुरुवार को अपनी बेटी राहा कपूर के साथ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत-इंग्लैंड T20 सेमीफाइनल देखने पहुंचे। मैच के दौरान परिवार की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें राहा रणबीर-आलिया के साथ टीम इंडिया के लिए चीयर करती नजर आईं।

रणबीर-आलिया के अलावा मैच में कई सेलेब्स भी स्टेडियम में मौजूद थे। एक्टर वरुण धवन, तृप्ति डिमरी और अनिल कपूर को भी स्टेडियम में देखा गया। एक्टर अहान शेट्टी अपने जीजा और क्रिकेटर के.एल. राहुल के साथ मैच देखते नजर आए। वहीं भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपनी पत्नी साक्षी के साथ मैच देखने पहुंचे, जबकि रोहित शर्मा अपनी पत्नी रितिका सजदेह के साथ मौजूद थे।

बता दें कि भारत ने T20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 7 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। अब T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत न्यूजीलैंड के खिलाफ 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भिड़ेगा।


...

भारत चौथी बार फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम

भारत ने इंग्लैंड को हराकर चौथी बार टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बना ली। टीम इंडिया 4 वर्ल्ड टी-20 फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से मात दी।

भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में इस बार 88 छक्के भी पूरे कर लिए। टीम ने एक एडिशन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी बना दिया। वहीं संजू सैमसन ने 89 रन की पारी खेलते हुए टी-20 वर्ल्ड कप में किसी भारतीय द्वारा सबसे बड़ी पारी खेलने के मामले में विराट कोहली की बराबरी कर ली।

पढ़िए IND Vs ENG मैच के टॉप रिकॉर्ड्स…

1. भारत चौथी बार फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम

भारत चौथी बार टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंच गया है, जो किसी भी टीम द्वारा सबसे ज्यादा है। इससे पहले भारतीय टीम 2007, 2014 और 2024 में फाइनल खेल चुकी थी। पाकिस्तान, श्रीलंका और इंग्लैंड ने 3-3 फाइनल खेले हैं।

2026 में फाइनल में पहुंचकर भारत ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। टीम लगातार दो टी-20 वर्ल्ड कप (2024 और 2026) फाइनल में जगह बनाने वाली तीसरी टीम भी बन गई। इससे पहले पाकिस्तान (2007, 2009) और श्रीलंका (2012, 2014) ही यह उपलब्धि हासिल कर सके थे। भारत ICC व्हाइट बॉल टूर्नामेंट में लगातार चौथा फाइनल खेलेगा। टीम 2023 में वनडे वर्ल्ड कप और 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल भी खेल चुकी है।

2. एक टी-20 वर्ल्ड कप मैच में सबसे ज्यादा सिक्स लगे

भारत और इंग्लैंड ने मिलकर 34 छक्के लगाए, दोनों ने टी-20 वर्ल्ड कप के एक मैच में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने का रिकॉर्ड बना दिया। इस रिकॉर्ड में दूसरे नंबर पर वेस्टइंडीज-जिम्बाब्वे का मैच है। दोनों टीमों ने मिलकर तब 31 सिक्स लगाए थे।

मुंबई में खेले गए सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड के मैच में चौकों की भी बारिश हुई। मुकाबले में कुल 73 बाउंड्री (39 चौके और 34 छक्के) लगे, जो टी-20 वर्ल्ड कप के किसी एक मैच में सबसे ज्यादा हैं। इससे पहले इसी मैदान पर 2016 में इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के मैच में 61 बाउंड्री लगी थीं।

3. भारत-इंग्लैंड मैच में 499 रन बने

मुंबई में खेले गए भारत और इंग्लैंड के मुकाबले में दोनों टीमों ने मिलकर 499 रन बनाए, जो टी-20 इंटरनेशनल इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा मैच टोटल है। इस रिकॉर्ड में पहला स्थान 2023 में सेंचुरियन में खेले गए साउथ अफ्रीका-वेस्टइंडीज मैच (517 रन) का है।

4. भारत का टी-20 वर्ल्ड कप में दूसरा बेस्ट स्कोर

भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में अपना दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बना लिया। टीम इंडिया का सबसे बड़ा स्कोर रिकॉर्ड 256 रन है, जो टीम ने इसी वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-8 मैच में बनाया था।

ओवरऑल टी-20 वर्ल्ड कप में यह चौथा सबसे बड़ा स्कोर रहा। श्रीलंका के नाम टी-20 वर्ल्ड कप में हाईएस्ट टोटल का रिकॉर्ड है, टीम ने केन्या के खिलाफ 2007 में 260 रन बनाए थे।

5. भारत एक टी-20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाली टीम

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड बनाया। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में 88 सिक्स लगाए, जो किसी एक एडिशन में किसी भी टीम द्वारा सबसे ज्यादा हैं। इस रिकॉर्ड में दूसरे नंबर पर वेस्टइंडीज है, जिसने इसी साल 76 छक्के लगाए।

तीसरे स्थान पर दक्षिण अफ्रीका (72 सिक्स) रही। इससे पहले 2024 में वेस्टइंडीज ने 62 और भारत ने 61 छक्के लगाए थे।

6. भारत ने एक इनिंग में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने की बराबरी की

भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ मुंबई में खेले गए मैच की एक पारी में 19 छक्के लगाकर टी-20 वर्ल्ड कप के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। इससे पहले 2014 में नीदरलैंड ने आयरलैंड के खिलाफ सिलहट में 19 छक्के लगाए थे।

2026 में ही वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे के खिलाफ मुंबई में 19 छक्के जड़े। इस रिकॉर्ड में भारत का जिम्बाब्वे के खिलाफ चेन्नई में बनाया गया 17 सिक्स का प्रदर्शन भी शामिल है।

7. भारत ने छठी बार 250+ का स्कोर बनाया

भारत टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा 250 या उससे ज्यादा रन बनाने वाली टीम बन गई है। टीम ने अब तक 6 बार 250+ का स्कोर बनाया है। इस मामले में दूसरे नंबर पर आईपीएल फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) है, जिसने 5 बार यह आंकड़ा पार किया है। वेस्टइंडीज, जिम्बाब्वे और इंग्लिश काउंटी टीम सरे ने 3-3 बार 250+ का स्कोर बनाया है।

8. संजू ने भारत के लिए एक वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा सिक्स लगाए

संजू सैमसन ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में 16 छक्के लगाकर एक एडिशन में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले भारतीय बनने का रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने रोहित शर्मा के 2024 के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। तब रोहित ने 15 छक्के लगाए थे।

2026 में ही शिवम दुबे भी 15 सिक्स लगा चुके हैं। वहीं ईशान किशन और हार्दिक पांड्या ने 14-14 छक्के जड़े। युवराज सिंह ने 2007 वर्ल्ड कप में 12 सिक्स लगाए थे।

9. संजू ने कोहली की बराबरी की

संजू सैमसन टी-20 वर्ल्ड कप नॉकआउट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीयों में विराट कोहली की बराबरी पर पहुंच गए। संजू ने इंग्लैंड के खिलाफ 89 रन बनाए। कोहली ने 2016 के सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ 89 रन बनाए थे।

इस रिकॉर्ड में विराट कोहली का दबदबा दिखता है। उन्होंने 2014 और 2024 के नॉकआउट मुकाबलों में भी बड़ी पारियां खेली थीं, जबकि 2007 के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ गौतम गंभीर की 75 रन की पारी भी भारत की सबसे अहम नॉकआउट पारियों में शामिल है।

10. बेथेल का दूसरा सबसे तेज शतक

इंग्लैंड के जैकब बेथेल ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ 45 गेंदों में शतक लगाया। यह वर्ल्ड कप का दूसरा सबसे तेज शतक रहा। इस रिकॉर्ड में पहला स्थान न्यूजीलैंड के फिन एलन के नाम है, जिन्होंने इसी टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता में महज 33 गेंद पर सेंचुरी लगा दी थी।

तीसरे नंबर पर वेस्टइंडीज के क्रिस गेल हैं, जिन्होंने 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ 47 गेंदों में शतक लगाया था। गेल ने 2007 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 50 गेंदों में भी सेंचुरी बनाई थी। वहीं इंग्लैंड के हैरी ब्रूक ने 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ पल्लेकले में 50 गेंद पर शतक जड़ा था।

11. बेथेल ने नॉकआउट में सबसे बड़ी पारी खेली

इंग्लैंड के जैकब बेथेल ने भारत के खिलाफ मुंबई में 105 रन बनाकर टी-20 वर्ल्ड कप नॉकआउट इतिहास की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेली। इससे पहले न्यूजीलैंड के फिन एलन ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता में ही 100 रन बनाए थे।

तीसरे नंबर पर श्रीलंका के तिलकरत्ने दिलशान हैं, जिन्होंने 2009 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 96* रन बनाए थे। भारत के विराट कोहली (89* रन) और संजू सैमसन (89 रन) भी इस रिकॉर्ड में शामिल हैं।

12. वरुण नॉकआउट में सबसे महंगे गेंदबाज

भारत के वरुण चक्रवर्ती टी-20 वर्ल्ड कप नॉकआउट इतिहास के सबसे महंगे गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 4 ओवर में 64 रन खर्च किए। इस रिकॉर्ड में दूसरे नंबर पर इंग्लैंड के जोफ्रा आर्चर हैं, जिन्होंने इसी मैच में भारत के खिलाफ 61 रन दिए।

13. जैक्स के नंबर-6 या उससे नीचे एक टी-20 वर्ल्ड कप एडिशन में सबसे ज्यादा रन

इंग्लैंड के विल जैक्स नंबर-6 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए एक टी-20 वर्ल्ड कप एडिशन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने 2026 वर्ल्ड कप में 226 रन बनाए और 2007 में पाकिस्तान के मिस्बाह-उल-हक के 218 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।


...

ICC टूर्नामेंट में पांचवीं बार होगा भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल

भारत और इंग्लैंड ICC टूर्नामेंट में पांचवीं बार सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगे। अब तक खेले गए 4 मुकाबलों में दोनों टीमें 2-2 जीत के साथ बराबरी पर हैं। दिलचस्प बात यह है कि भारत ने इंग्लैंड को जब भी सेमीफाइनल में हराया, देश तब खिताब जीतने में भी कामयाब रहा।

भारत-इंग्लैंड पहला सेमीफाइनल 1983 वनडे वर्ल्ड कप में हुआ था। तब भारत ने अंग्रेजों को हराया और फिर फाइनल में वेस्टइंडीज को मात देकर टीम चैंपियन बनी। दोनों टीमें सेमीफाइनल में आखिरी बार 2024 टी-20 वर्ल्ड कप में भिड़ीं। तब भी भारत ने इंग्लैंड को हराया और फिर फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर खिताब जीता। 1987 वनडे वर्ल्ड कप और 2022 टी-20 वर्ल्ड कप में भी भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल हुआ था। इन दो मौकों पर इंग्लैंड ने जीत हासिल की।

आगे पढ़िए चारों भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल की ब्रीफ स्टोरी। उससे पहले देखिए ICC टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में भारत का किस टीम के खिलाफ कैसा रिकॉर्ड है।

1. 1983: जब ‘अंडरडॉग’ भारत ने इंग्लैंड का घमंड तोड़ा

1983 के सेमीफाइनल में भारत ने मेजबान इंग्लैंड को 6 विकेट से हराकर पहली बार फाइनल में जगह बनाई। मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में मुकाबले से पहले इंग्लिश मीडिया और एक्सपर्ट्स ने भारत की हार लगभग तय मान ली थी।

टॉस हारने के बावजूद कप्तान कपिल देव ने धीमी पिच को भांप लिया। इंग्लैंड की पूरी टीम 60 ओवर में 213 रन पर सिमट गई। कपिल देव ने 3 विकेट लिए, जबकि मोहिंदर अमरनाथ ने 12 ओवर में सिर्फ 27 रन देकर 2 विकेट चटकाए।

214 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत खराब रही। 50 रन पर 2 विकेट गिर चुके थे। इसके बाद अमरनाथ (46 रन) और यशपाल शर्मा (61 रन) ने 92 रन की साझेदारी कर पारी को स्थिरता दी।

यशपाल का बॉब विलिस पर जड़ा गया लेग-साइड छक्का आज भी मशहूर है। जब भारत जीत के करीब था, तब संदीप पाटिल ने मुकाबले को यादगार बना दिया। उन्होंने बॉब विलिस के एक ओवर में 4 चौके जड़ते हुए इंग्लैंड की उम्मीदें तोड़ दीं। पाटिल ने 32 गेंदों में नाबाद 51 रन की तेज पारी खेली।

इस जीत ने भारत को वह आत्मविश्वास दिया, जिसके दम पर टीम ने लॉर्ड्स में फाइनल खेला और आगे चलकर दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज को हराकर पहली बार वर्ल्ड कप भी अपने नाम किया।

2. 1987: गूच की ‘स्वीप’ मास्टरक्लास ने 83 का बदला लिया

1987 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड ने भारत को 35 रन से हराकर 1983 की हार का हिसाब बराबर कर दिया। घरेलू मैदान पर खिताब जीतने का भारतीय सपना यहीं टूट गया।

इस मैच की सबसे बड़ी कहानी थे ग्राहम गूच। स्पिन के लिए मशहूर पिच पर उन्होंने भारतीय स्पिनर्स मनिंदर सिंह और रवि शास्त्री के खिलाफ स्वीप शॉट की बौछार कर दी। गूच ने अपनी पारी में 11 चौके लगाए और 136 गेंदों पर 115 रन बनाए। तीसरे विकेट के लिए उन्होंने माइक गेटिंग के साथ 117 रन की अहम साझेदारी की।

इंग्लैंड ने 50 ओवर में 6 विकेट पर 254 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। यह मुकाबला सुनील गावस्कर के वनडे करियर का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच साबित हुआ। वे सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए। 255 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मोहम्मद अजहरुद्दीन ने 64 रन की जुझारू पारी खेली, लेकिन उनके आउट होते ही भारतीय पारी लड़खड़ा गई।

भारत ने आखिरी 5 विकेट महज 15 रन के भीतर गंवा दिए और 45.3 ओवर में 219 रन पर सिमट गया। दिलचस्प संयोग यह रहा कि 1983 में भारत ने इंग्लैंड को उसके घर में हराया था। 4 साल बाद इंग्लैंड ने भारत को भारत में हराकर बदला पूरा किया।

3. 2022: बटलर-हेल्स में 170 रन की मैच विनिंग पार्टनरशिप

ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड ओवल में इंग्लैंड ने भारत को 10 विकेट से हरा दिया। 169 रन के लक्ष्य को इंग्लैंड ने सिर्फ 16 ओवर में हासिल कर लिया। इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर (80* रन, 49 गेंद) और एलेक्स हेल्स (86* रन, 47 गेंद) ने 170 रन की नाबाद ओपनिंग साझेदारी की।

यह उस समय टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी थी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 168/6 बनाए। विराट कोहली ने 50 (40 गेंद) की पारी खेली। इस मैच में वे टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 4000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने।

हार्दिक पंड्या ने 63 (33 गेंद, 4 चौके और 5 छक्के) बनाए, लेकिन पावरप्ले में मैच का रुख तय हो गया। भारत ने पहले 6 ओवर में 38 रन बनाए, जबकि इंग्लैंड ने 63 रन बना डाले। नई गेंद से भुवनेश्वर कुमार और अर्शदीप सिंह प्रभाव नहीं छोड़ पाए। इसके बाद हेल्स को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। उनकी पारी में 7 छक्के और 4 चौके शामिल थे।

4. 2024: कप्तान रोहित ने चुकता किया हिसाब27 जून 2024, गयाना का प्रोविडेंस स्टेडियम। 2 साल पहले एडिलेड में मिली 10 विकेट की चोट अभी ताजा थी। भारत ने इंग्लैंड को 68 रन से हराकर न सिर्फ फाइनल का टिकट कटाया, बल्कि 2022 की हार का हिसाब भी बराबर कर दिया।

भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। विराट कोहली (9) और ऋषभ पंत (4) जल्दी पवेलियन लौट गए। ऐसे में कप्तान रोहित शर्मा ने जिम्मेदारी ली। उन्होंने 39 गेंदों में 57 रन बनाए और सूर्यकुमार यादव (47 रन) के साथ 73 रन की अहम साझेदारी की। बारिश की रुकावटों के बीच भारत ने 20 ओवर में 171/7 का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

इंग्लैंड ने 3 ओवर में 26 रन बना लिए थे और लय में दिख रही थी। तभी अक्षर पटेल ने अपनी पहली ही गेंद पर कप्तान जोस बटलर को आउट कर दिया। उन्होंने 4 ओवर में 23 रन देकर 3 विकेट लिए और प्लेयर ऑफ द मैच बने।

उनके बाद कुलदीप यादव ने भी 3 विकेट निकाले और इंग्लैंड का मिडिल ऑर्डर टिक ही नहीं पाया। 172 रन के लक्ष्य के जवाब में इंग्लैंड 16.4 ओवर में सिर्फ 103 रन पर सिमट गया।

सेमीफाइनल में लगातार तीसरी बार होगा सामना

टी-20 वर्ल्ड कप में भारत और इंग्लैंड लगातार तीसरी बार आमने-सामने होंगे। 2022 में इंग्लैंड ने जीत हासिल की थी, वहीं 2024 में भारत विजयी रहा। अब 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में दोनों के बीच दूसरा सेमीफाइनल शाम 7 बजे से शुरू होगा।


...

भारतीय क्रिकेट टीम ने बनाया दूसरा सबसे बड़ा टोटल

गुरुवार को भारतीय क्रिकेट टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप में इतिहास रचते हुए टूर्नामेंट का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। चेन्नई के एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में खेले गए हाई-स्कोरिंग मुकाबले में भारत ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 256 रन बनाए। जवाब में जिम्बाब्वे राष्ट्रीय क्रिकेट टीम 6 विकेट पर 184 रन ही बना सकी और भारत ने 72 रन से शानदार जीत दर्ज की। मैच में दोनों टीमों ने मिलकर कुल 440 रन बनाए, जो वर्ल्ड कप इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा एग्रीगेट स्कोर है।

भारत का 256/4 टी-20 वर्ल्ड कप का दूसरा सर्वोच्च टोटल है। इस सूची में शीर्ष पर श्रीलंका राष्ट्रीय क्रिकेट टीम है, जिसने 2007 में केन्या के खिलाफ 260 रन बनाए थे। इस पारी में भारत ने 17 छक्के जड़कर एक वर्ल्ड कप इनिंग में सर्वाधिक सिक्स का अपना नया रिकॉर्ड भी बनाया। मौजूदा टूर्नामेंट में भारत के 63 छक्के हो चुके हैं, जबकि इस मामले में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम 66 सिक्स के साथ आगे है।

यह टी-20 वर्ल्ड कप में भारत का पांचवां 200+ स्कोर रहा, जिससे वह इस सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गया। शीर्ष पर दक्षिण अफ्रीका राष्ट्रीय क्रिकेट टीम है, जिसने छह बार 200 से अधिक रन बनाए हैं। 2016 में वानखेड़े में खेला गया दक्षिण अफ्रीका बनाम इंग्लैंड मैच (459 रन) अब भी सबसे बड़े एग्रीगेट का रिकॉर्ड रखता है।

मिडिल ऑर्डर में हार्दिक पांड्या ने नंबर-5 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए चौथा अर्धशतक जड़ा, जो इस पोजिशन पर सर्वाधिक है। जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत ने पावरप्ले में 80 रन बनाए, जो उनके लिए तीसरा सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है।

जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा टी-20 इंटरनेशनल में 3000 रन और 100 विकेट का डबल पूरा करने वाले दूसरे खिलाड़ी बने। वहीं रिचर्ड नगारावा ने 4 ओवर में 62 रन देकर जिम्बाब्वे के सबसे महंगे गेंदबाज का अनचाहा रिकॉर्ड बनाया, जबकि टिनोटेंडा मपोसा ने अपने डेब्यू वर्ल्ड कप ओवर में 23 रन खर्च किए, जो टूर्नामेंट इतिहास में दूसरे सबसे महंगे डेब्यू ओवरों में शामिल है।


...

श्रीलंका राष्ट्रीय क्रिकेट टीम सेमीफाइनल की रेस से बाहर

मेजबान श्रीलंका टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 स्टेज से बाहर होने वाली पहली टीम बन गई। टीम को न्यूजीलैंड ने सुपर-8 में 61 रन से हरा दिया। ग्रुप-2 से इंग्लैंड ने नॉकआउट स्टेज में क्वालिफाई कर लिया। अब न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को हरा दिया तो पाकिस्तान भी बाहर हो जाएगा।

ग्रुप-1 में आज 2 मैच खेले जाएंगे। दोपहर 3 बजे से साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज भिड़ेंगे। वहीं शाम 7 बजे से भारत का सामना जिम्बाब्वे से होगा। इस मुकाबले को हारने वाली टीम सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो जाएगी।

क्या भारत क्वालिफाई करेगा?

ग्रुप-1 पॉइंट्स टेबल में फिलहाल वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका 2-2 पॉइंट्स के साथ टॉप-2 पोजिशन पर हैं। भारत और जिम्बाब्वे आखिरी 2 पोजिशन पर हैं, दोनों का रन रेट माइनस में है।

भारत को सीधे क्वालिफाई करने के लिए आखिरी दोनों मैच जीतने होंगे, साथ ही साउथ अफ्रीका के वेस्टइंडीज के खिलाफ जीतने की उम्मीद भी करनी होगी।

भारत आखिरी दोनों मैच जीत गया और वेस्टइंडीज ने साउथ अफ्रीका को हरा दिया तो 3 टीमों के 4-4 पॉइंट्स हो जाएंगे। ऐसे में क्वालिफाई करने के लिए भारत को अपना रन रेट बाकी टीमों से बेहतर रखना होगा।

भारत अगर एक भी मैच हारा तो टीम नॉकआउट की रेस से बाहर हो जाएगी। आज टीम जिम्बाब्वे से भिड़ेगी।

ग्रुप-1 में बाकी टीमों के क्या समीकरण हैं?

साउथ अफ्रीका अब वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे को हराकर सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। टीम एक भी मुकाबला हारी तो उन्हें अपना रन रेट बेहतर रखना होगा। दोनों मैच हारने पर टीम बाहर हो जाएगी।

वेस्टइंडीज को क्वालिफाई करने के लिए साउथ अफ्रीका और भारत के खिलाफ आखिरी दोनों मैच जीतने होंगे। टीम एक भी मुकाबला हारी तो उन्हें अपना रन रेट बेहतर रखना होगा। दोनों मैच हारने पर टीम बाहर हो जाएगी।

जिम्बाब्वे एक मैच हार चुकी है। टीम को क्वालिफाई करने के लिए भारत और साउथ अफ्रीका के खिलाफ आखिरी दोनों मैच जीतने ही होंगे। एक भी मैच हारने पर टीम बाहर हो जाएगी।

इंग्लैंड सेमीफाइनल में पहुंचा, श्रीलंका बाहर

ग्रुप-2 में 4 पॉइंट्स के साथ इंग्लैंड ने सेमीफाइनल में जगह बना ली। अब न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी मैच जीतकर टीम अपने ग्रुप में नंबर-1 पर फिनिश कर सकती है।

बुधवार को न्यूजीलैंड ने 61 रन से मैच जीतकर मेजबान श्रीलंका को सेमीफाइनल की रेस से बाहर कर दिया। टीम इंग्लैंड से भी हार गई। अब श्रीलंका आखिरी मैच में पाकिस्तान को हराकर उन्हें भी बाहर कर सकता है।

न्यूजीलैंड 3 पॉइंट्स के साथ नंबर-2 पर पहुंच गया। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए टीम को इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी मैच जीतना होगा, अगर टीम हारी तो उन्हें पाकिस्तान के हारने की दुआ करनी होगी।

पाकिस्तान को क्वालिफाई करना है तो श्रीलंका के खिलाफ आखिरी मैच जीतने के साथ न्यूजीलैंड के आखिरी मैच में हारने की दुआ भी करनी होगी। साथ ही अपना रन रेट भी न्यूजीलैंड से बेहतर रखना होगा।

...

‘घर में बेघर’ भारतीय क्रिकेट टीम — सेमीफाइनल की राह आसान नहीं

India T20 World Cup 2026 Semi Final Scenario: अबकी बार 300 पार के शोरगुल के बीच टी-20 विश्व कप खेलने उतरी भारतीय टीम सुपर-8 चरण की शुरुआत में ही अगर-मगर की डगर में फंस गई है। जो टीम इस विश्व कप से पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में 7 विकेट पर 238, तीन विकेट पर 209 और पांच विकेट पर 271 रनों जैसे विशालकाय स्कोर बना रही थी, उसकी बल्लेबाजी अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ऐसी ढही कि अब घर में ही सेमीफाइनल में पहुंचने के लाले पड़ गए हैं। 

इस समय भारतीय प्रशंसकों की स्थिति ‘काटो तो खून नहीं’ जैसी है। भारतीय प्रशंसकों को उम्मीद थी कि दुनिया की नंबर वन टीम को घरेलू परिस्थितियों का फायदा मिलेगा लेकिन अब तक पांच में से चार मैच भारत में खेलने के बावजूद सूर्य कुमार यादव की टीम घर में बेघर जैसा महसूस कर रही है। 

IND vs ZIM: जिम्बाब्वे से भारत की अगली भिड़ंत

टीम इंडिया का अगला मैच गुरुवार को चेपक स्टेडियम में जिंबाब्वे के विरुद्ध खेलना है जिसमें सूर्यकुमार यादव को सिर्फ जीत नहीं बल्कि बड़ी जीत चाहिए क्योंकि इसके बाद भारत की भिड़ंत वेस्टइंडीज के साथ है। जिस लय में वेस्टइंडीज है, उनके विरुद्ध बहुत बड़ी जीत हासिल करना मुश्किल होगा। सुपर-8 के पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 76 रनों से हराया था, जिससे भारत का नेट रन रेट -3.800 हो गया है। 

बल्लेबाजी खराब

टी-20 विश्व कप में गत विजेता भारत ने चारों ग्रुप मैच जीतकर सुपर-8 में प्रवेश जरूर किया लेकिन अब तक हुए पांचों मैचों में उसके बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए। सुपर-8 के पहले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अहमदाबाद में तो ऐसा लगा जैसे सुनामी आ गई हो। अब इसके बाद भारत को सुपर-8 के अपने दोनों मैचों को बड़े अंतर से जीतना जरूरी है। इसके साथ ही सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए उसे बाकी टीमों के रिजल्ट पर भी निर्भर रहना होगा। 

पिच बदली लेकिन रणनीति नहीं

भारतीय टीम जब देश में टी-20 क्रिकेट खेलती है तो अमूमन उसके बल्लेबाजों को पाटा पिचों पर संघर्ष नहीं करना पड़ता। विश्व कप से पहले न्यूजीलैंड के विरुद्ध पांच मैचों की सीरीज में 4-1 से मिली जीत में यह साफ-साफ दिखा। लेकिन वह बीसीसीआइ का टूर्नामेंट था और टी-20 विश्व कप आइसीसी का टूर्नामेंट है। 

भले ही इस टी-20 विश्व कप में भारत ने अब तक अपने पांच में से चार मैच भारत में खेले हों लेकिन उसकी पिचें न्यूजीलैंड सीरीज से बिलकुल भिन्न थीं। भारतीय टीम जिन पिचों पर घरेलू द्विपक्षीय टी-20 मैच खेलती है वे शुरू में सपाट होती हैं और ओस पड़ने के बाद बल्लेबाजी के लिए बेहतर होती जाती हैं। 

यानी लक्ष्य का पीछा करना आसान हो जाता है। इसके बावजूद दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध भारतीय टीम फ्लॉप हो गईं। भारतीय बल्लेबाज आफ स्पिनरों के सामने डरे-डरे नजर आ रहे हैं। चेन्नई और कोलकाता में भारतीय बल्लेबाजों को बेहतर प्रदर्शन करना होगा।

वरुण चक्रवर्ती की मिस्ट्री हो गई हिस्ट्री

भारत के रहस्यमयी स्पिनर वरुण चक्रवर्ती का पिछले मैच में बुरी तरह मार खाना भी भारत के लिए चिंता का विषय है। दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज उनके विरुद्ध एक योजना के साथ आए थे और उन्होंने वरुण के चार ओवर में 47 रन ठोक डाले।

न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले पांच मैचों में उन्होंने 20 ओवर में 208 रन दिए। एसोसिएट देशों को चक्रवर्ती को के विरुद्ध अनुभव नहीं है, लेकिन शीर्ष टीमें उन्हें अब ऑफ स्पिनर की तरह खेल रही हैं, जो दाएं हाथ के बल्लेबाज के अंदर गेंद लाता है। अगर पिच पर गेंद पकड़ नहीं बना रही, जैसा उस दिन हुआ तो बाएं और दाएं दोनों हाथ के बल्लेबाजों के लिए खेलना आसान हो जाता है और मिस्ट्री कम हो जाती है।

India T20 WC Semi Final Scenario: सेमीफाइनल में पहुंचना आसान नहीं

ग्रुप-1 में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 76 रनों से हराया था, जिससे भारत का नेट रन रेट -3.800 हो गया है। दक्षिण अफ्रीका का नेट रन रेट 3.800 है, जबकि 107 रनों की बड़ी जीत के बाद वेस्टइंडीज का नेट रन रेट 5.350 हो गया है l 

अगर भारतीय टीम जिंबाब्वे और वेस्टइंडीज को हरा दे तो उसके चार अंक हो जाएंगे। इसके साथ ही दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज और जिंबाब्वे को हरा दे तो उसके छह अंक हो जाएंगे। तब कैरेबियाई टीम के दो व जिंबाब्वे के शून्य अंक ही रहेंगे। 

ऐसे में भारत के अलावा दक्षिण अफ्रीका ग्रुप-1 से सेमीफाइनल में क्वालीफाई कर जाएंगे l अगर वेस्टइंडीज ने दक्षिण अफ्रीका को और दक्षिण अफ्रीका ने जिंबाब्वे को हरा दिया तो उनके चार-चार अंक रहेंगे लेकिन उनका रन रेट काफी अच्छा है। 

भारत को तब जिंबाब्वे और वेस्टइंडीज पर 80-100 रनों से अधिक के अंतर से जीत दर्ज करनी होगी। इस स्थिति में भारत, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के चार-चार अंक हो जाएंगे। अच्छे रन रेट वाली दो टीमें अंतिम-4 में जाएंगी l 

बेहतर रन रेट के लिए जिंबाब्वे के विरुद्ध पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 220 रन बनाती है तो उसे विपक्षी टीम को 120 या इससे कम पर रोकना होगा जिससे भारत नेट रन रेट के खेल में आगे आ सकता है। अगर जिंबाब्वे पहले बल्लेबाजी करती है तो उसे 150 से कम में सीमित करना होगा और 11 या 12 ओवर में लक्ष्य हासिल करना होगा।


...

टी-20 वर्ल्डकप मैच में सबसे ज्यादा छक्कों का नया रिकॉर्ड बना

टी-20 वर्ल्ड कप के चौथे सुपर-8 मैच में वेस्टइंडीज ने सोमवार को जिम्बाब्वे पर 107 रन की जीत दर्ज की। मुंबई के वनखड़े स्टेडियम में जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी।

वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 254 रन बनाए। 255 रन का टारगेट चेज कर रही जिम्बाब्वे 17.4 ओवर में 147 रन पर ऑलआउट हो गई।

19 बॉल पर फिफ्टी लगाने वाले शिमरोन हेटमायर प्लेयर ऑफ द मैच रहे। इस मैच में 10 रिकॉर्ड और रोचक मोमेंट्स देखने को मिले।

WI Vs ZIM मैच के टॉप रिकॉर्ड्स

1. टी-20 वर्ल्ड कप के एक मैच में सबसे ज्यादा सिक्स लगे

इस मैच में कुल 31 छक्के लगे। यह टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में किसी एक मैच में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड है। पिछला रिकॉर्ड 30 सिक्स का था। जो 2014 में आयरलैंड और नीदरलैंड के मैच में बना था। यह मैच सिलहट में खेला गया था।

2. हेटमायर ने टी-20 वर्ल्ड कप में विंडीज के लिए सबसे तेज फिफ्टी लगाई

जिम्बाब्वे के खिलाफ शिमरोन हेटमायर ने 19 गेंद पर फिफ्टी लगाई। यह टी20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज की ओर से सबसे तेज फिफ्टी है। वे इसी एडीशन में स्कॉटलैंड के खिलाफ ईडन गार्डन्स में 22 गेंदों पर फिफ्टी बना चुके हैं। हेटमायर से पहले यह रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम था। गेल ने 2012 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कोलंबो में 23 बॉल पर अर्धशतक लगाया था।

3. टी-20 वर्ल्ड कप में 10वें विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी

जिम्बाब्वे के ब्रैडली इवांस और रिचर्ड नगारवा ने इस मैच में आखिरी विकेट के लिए 19 बॉल पर 44 रन की साझेदारी की। यह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में 10वें विकेट के लिए अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी है। पिछला रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के गुडाकेश मोती और शेरफन रदरफोर्ड के नाम था। इन दोनों ने 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 37 रनों की नाबाद साझेदारी की थी।

4. बेनेट ने टी20 वर्ल्ड कप में बिना आउट हुए सबसे ज्यादा रन बनाए

जिम्बाब्वे के ओपनर ब्रायन बेनेट 5 रन बनाकर आउट हुए। वे इस टूर्नामेंट में पहली बार आउट हुए हैं। वे पिछले 4 मैचों में नाबाद रहे थे। उन्होंने आउट होने से पहले इस एडीशन में नाबाद रहते हुए 180 रन बनाए। वे बिना आउट हुए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। यह रिकॉर्ड नीदरलैड के टॉम कूपर के नाम था, जिन्होंने 2014 में बिना आउट हुए 111 रन बनाए थे।

5. हेटमायर ने पूरन के 17 छक्कों के रिकॉर्ड की बराबरी की

जिम्बाब्वे के खिलाफ शिमरोन हेटमायर ने 7 छक्के लगाए। वह इस टी-20 वर्ल्ड कप में अब तक 17 छक्के लगा चुके हैं। हेटमायर एक एडिशन में सबसे ज्यादा छक्कों के रिकॉर्ड की बराबरी है। इससे पहले वेस्टइंडीज के ही निकोलस पूरन ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप 17 छक्के लगाए थे।

अब बात मैच के टॉप मोमेंट्स की…

6. हेटमायर को 2 जीवनदान, दोनों कैच मुसेकिवा से छूटे

मैच के टॉप स्कोर शिमरोन हेटमायर को दो जीवनदान मिले। दोनों मौकों पर वे कैच आउट होने से बच गए। आगे दोनों कैच ड्रॉप पढ़िए...

चौथे ओवर की तीसरी गेंद पर ताशिंगा मुसेकिवा ने हेटमायर का आसान कैच छोड़ दिया। यहां हेटमायर 9 रन बनाकर खेल रहे थे। ब्लेसिंग मुजरबानी ने शॉर्ट लेंथ डाली, जिसपर हेटमायर ने पुल शॉट खेला, लेकिन गेंद बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर खड़े मुसेकिवा के पास गई, लेकिन उन्होंने कैच छोड़ दिया।

12वें ओवर की दूसरी बॉल पर हेटमायर को दूसरा जीवनदान मिला। इस बार भी ताशिंगा मुसेकिवा ने कैच ड्रॉप किया। वे डीप मिडविकेट पर बॉल को पकड़ नहीं सके। ब्रैड इवांस की स्लोअर बॉल पर हेटमायर बड़ा शॉर्ट खेलना चाहते थे। यहां वे 70 रन पर खेल रहे थे।

7. हेटमायर ने 108 मीटर का छक्का लगाया

10वें ओवर की पहली गेंद पर शिमरोन हेटमायर ने 108 मीटर का छक्का लगाया। उन्होंने सिकंदर रजा की शॉर्ट लेंथ की बॉल को पुल करते हुए मिडविकेट बाउंड्री के बाहर पहुंचाया। इस छक्के के साथ हेटमायर ने रोवमन पॉवेल के साथ तीसरे विकेट के लिए फिफ्टी पार्टनरशिप भी कर की।

8. पॉवेल का सिक्स सेकेंड टियर तक गया

विंडीज की पारी के 13वें ओवर में रोवमन पॉवेल ने डायोन मायर्स की बॉल पर 106 मीटर का छक्का लगाया। जो वानखेड़े स्टेडियम के सेकेंड टियर तक पहुंच गया। मायर्स ने ऑफ स्टंप के बाहर फुलर लेंथ की बॉल डाली, जोकि पॉवेल के हिटिंग रेंज में थी। इसे पॉवेल ने लॉन्ग ऑफ बाउंड्री के बाहर पहुंचाया।

9. पावेल ने रजा के माथे पर किस किया

कैरेबियाई पारी के 16वें ओवर में रोवमन पॉवेल का शॉर्ट गेंदबाजी कर रहे सिकंदर रजा के बाएं हाथ पर लगा। रजा दर्द से कराह उठे। ऐसे में कुछ देर के लिए खेल रोका गया। इस बीच बल्लेबाजी कर रहे पॉवेल उनके पास आए और पीठ थपथपाते हुए उनका हाल जाना और उन्हें गले लगाया और माथे पर किस भी किया।

10. अकिल हुसैन ने डबल विकेट का मेडन ओवर डाला

जिम्बाब्वे की पारी में अकिल हुसैन ने डबल विकेट के साथ मेडन ओवर डाला। उन्होंने...

पहली बॉल पर ब्रायन बेनेट (5 रन) को बोल्ड कर दिया। बेनेट पिछले 5 मैचों में पहली बार आउट हुए।

चौथी बॉल रायन बर्ल को शिमरोन हेटमायर के हाथों कैच कराया। रायन अपना खाता भी नहीं खोल सके।

अकिल हुसैन ने इस ओवर की आखिरी दो बॉल पर कोई रन नहीं दिया।


...