गर्मी के साथ बढ़ा प्रदूषण, दिल्ली में सीजन की सबसे गर्म सुबह दर्ज

मौसमी उतार चढ़ाव के बीच सोमवार की सुबह इस सीजन की सबसे गर्म रही। न्यूनतम तापमान 19 डिग्री तक चला गया। उधर दिल्ली की वायु गुणवत्ता खराब चल रही है।

सोमवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 19.0 डिग्री दर्ज किया गया। दिन का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। आसमान दिन भर साफ रहेगा। तेज धूप भी खिली रहेगी।

सोमवार को सुबह साढ़े नौ बजे दिल्ली का एक्यूआई 208 रिकाॅर्ड किया गया। इसे खराब श्रेणी में रखा जाता है। एनसीआर के शहरों में भी हवा मध्यम से खराब श्रेणी में चल रही है। पूर्वानुमान है कि हाल फिलहाल इसमें बहुत अधिक बदलाव नहीं होगा।


...

टीम इंडिया के कप्तान Suryakumar Yadav ने वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद हनुमान मंदिर में टेका माथा

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर खिताब जीत लिया है। इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में दिवाली जैसा माहौल है। प्रशंसक सड़कों पर नाच रहे हैं, आतिशबाजी कर रहे हैं और तिरंगा फहराकर खुशी मना रहे हैं। इधर कप्तान सूर्यकुमार यादव देर रात वर्ल्ड कप ट्रॉफी लेकर अहमदाबाद के हनुमान मंदिर पहुंचे और पूजा की। इस दौरान ICC चेयरमैन जय शाह और टीम के हेड कोच गौतम गंभीर भी उनके साथ थे।


...

मार्च में ही सूखने लगी केन नदी, बांदा के दो जल प्लांट पर संकट

 हमेशा गर्मी शुरू होते ही पानी संकट का खतरा मंडराने लगता है। शहर में बने दाे प्लांटों में केन नदी के पानी को शुद्ध कर मुहल्लों में जलापूर्ति की जाती है। गर्मी पड़ना शुरू हुई नहीं कि प्लांटों में पानी की कमी आड़े आने लगी है। दो एमएलडी (मिलियन लीटर डेली) पानी कम हो गया है। हालांकि जलापूर्ति में इसका अभी कोई खास असर नहीं पड़ रहा है।

अगर नदी का जल स्तर और ज्यादा घटा तो जलापूर्ति की समस्या हो सकती है। हालांकि बीते वर्ष जल संस्थान ने गर्मी में जल संकट से निपटने के लिए केन नदी की जलधारा में स्थाई दीवार बनवाती थी, जिससे पर्याप्त मात्रा में पानी मिलता रहे, लेकिन इस समय केन नदी का जल स्तर घटने से बहाव मेें कमी आई है, लिहाजा इंटेकवाल में पानी जाना कम हुआ है। वहीं दूसरी ओर पानी के प्रयोग बढ़ने व जल संस्थान के महज एक बार जलापूर्ति होने से शहर वासियों को समस्या आ रही है। कई मुहल्लों में जलापूर्ति के दौरान फोर्स न होने से घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। लिहाजा टुल्लू लगाना पड़ता है। लेकिन इस दौरान अगर बिजली चली गयी ताे वह पानी भी नसीब नहीं हो पा रहा है।

शहर के 31 मुहल्लों के करीब 20 हजार नल कनेक्शन धारकों की जलापूर्ति जल संस्थान करता है। गर्मियों में केन नदी का जल स्तर घटने से हमेशा समस्या आती है। इस बार 10.94 मीटर जल स्तर घट गया है। वर्षा काल में नदी का जल स्तर 104.80 मीटर रहा है, इस समय गर्मी के कारण 93.86 मीटर बचा हुआ है। बहाव कम होने के चलते आवश्यकता से करीब दो एमएलडी पानी जल संस्थान को कम मिल पा रहा है।

शहर की जलापूर्ति भूरागढ़ व बांबेश्वर पहाड़ स्थित प्लांटों सहित सरकारी नलकूपों से होती हैं। दाेनों प्लांटों में केन नदी के पानी को फिल्टर कर उसमें क्लोरिनेशन कर उसे पीने योग्य बना कर सप्लाई किया जाता है। इस समय जलापूर्ति के लिए 26.3 एमएलडी की आवश्यकता है। लेकिन जल स्तर घट जाने से केवल 24.3 एमएलीडी पानी ही मिल पा रहा है। हालांकि जल संस्थान ने बीते वर्ष प्लांट में पानी पहुंचने वाले चैनल इंटेकवाल की सफाई के साथ केन नदी में दीवार खड़ी करवाई थी। जानकारों का कहना है कि मई और जून की तपिश में नदी का जलस्तर और भी घट सकता है। जिससे पानी संकट गहरा सकता है।

एक घंटे की जलापूर्ति अपर्याप्त, कभी-कभी नहीं होती जलापूर्ति

शहर में सुबह छह से सात बजे तक एक घंटे के लिए जलापर्ति जल संस्थान करता है। शहर के ज्यादातर मुहल्लों में पानी का फोर्स (बहाव) कम होने के कारण घरों में नहीं जाता है। ऐसे में टुल्लू लगाकर पानी भरना होता है। लेकिन यदि इस दौरान बिजली आपूर्ति बंद हो गयी तो वह भी पानी नसीब होता। सर्दी के दिनों में तो एक घंटे की आपूर्ति में किसी तरह चल जाता है। लेकिन गर्मी के दिनों में एक घंटे की जलापूर्ति पर्याप्त नहीं है। ऐसे में शहरवासियों ने सुबह व शाम दोनों मीटिंग जलापूर्ति की मांग की है।


...

भीषण गर्मी का अलर्ट: राजस्थान, गुजरात और हिमाचल में हीटवेव की चेतावनी

मार्च के दूसरे हफ्ते में ही तेज गर्मी होने लगी है। मौसम विभाग ने सोमवार को राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और हिमाचल में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। महाराष्ट्र के अकोला और राजस्थान के पिलानी-बाड़मेर में पारा 40°C का आंकड़ा पार कर गया है।

विभाग ने जम्मू-कश्मीर, झारखंड, ओडिशा, बंगाल, बिहार, सिक्किम, केरल और आंध्र प्रदेश में बारिश की संभावना जताई है। IMD का कहना है कि एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बारिश करवाएगा।

मध्य प्रदेश के रतलाम का तापमान 38.6 डिग्री रहा। नई दिल्ली में भी दिन का टेंपरेचर 35.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

कश्मीर में टेम्परेचर 9.4 से 10.7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। 10-12 मार्च तक कुपवाड़ा, बांदीपोरा, गंदेरबल और अनंतनाग के कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है।

मार्च में गर्मी और हीटवेव क्यों

मौसम विभाग के अनुसार इन दिनों राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों से गर्म हवाएं आ रही हैं। जिसका असर मैदानी राज्यों में देखने को मिल रहा है। हवा की दिशा उत्तर-पूर्व से अब पश्चिम और उत्तर-पश्चिम हो गई है। वहीं, हवा में नमी बहुत कम है। इससे आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ेगा। इससे धूप का तीखापन भी बढ़ सकता है।

कब मानी जाती है हीटवेव

मौसम विभाग के मुताबिक, हीटवेव तब मानी जाती है, जब मैदानों में तापमान 40 डिग्री या उससे ज्यादा पहुंच जाए। अगर सामान्य तापमान से 4 से 6 डिग्री ज्यादा दर्ज किया जाए। ऐसी स्थिति में लोगों की सेहत पर भी असर पड़ सकता है और लू लगने का खतरा बढ़ जाता है।

अगले 2 दिन मौसम का हाल-

10 मार्च- नागालैंड, मणणपुर, ममजोरम और त्रिपुरा में और केरल और आंध्र प्रदेश में हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।

11 मार्च- केरल और आंध्र प्रदेश (विशेषकर तटीय क्षेत्रों) में भी कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश या गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है।


...

आलिया भट्ट की ‘अल्फा’ की रिलीज डेट का ऐलान, फैंस को मिला बड़ा सरप्राइज

आलिया भट्ट, शरवरी वाघ, अनिल कपूर और बॉबी देओल स्टारर स्पाई यूनिवर्स फिल्म 'अल्फा' 10 जुलाई 2026 को रिलीज होगी। प्रोडक्शन हाउस यश राज फिल्म्स (YRF) ने सोशल मीडिया के जरिए इस बात की पुष्टि की है। पहले यह फिल्म 2025 में आने वाली थी, लेकिन बाद में इसकी तारीख आगे बढ़ा दी गई थी।

फिल्म 'अल्फा' को लेकर पहले यह चर्चा थी कि इसे सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया जा सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स को नेटफ्लिक्स की ओर से 215 करोड़ रुपए की डील का ऑफर मिला था। हालांकि, आदित्य चोपड़ा और उनकी टीम ने इसे ठुकरा दिया।

फिल्म में आलिया-शरवरी का दमदार एक्शन

इस फिल्म में पहली बार आलिया भट्ट और शरवरी वाघ लीड रोल में जासूसी करती नजर आएंगी। फिल्म में दोनों का हाई-ऑक्टेन एक्शन सीक्वेंस देखने को मिलेगा। इनके साथ ही अनिल कपूर और बॉबी देओल भी फिल्म में अहम भूमिकाओं में हैं। हालांकि, मेकर्स ने अब तक उनके किरदारों को लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की है।

2024 में हुआ था फिल्म का ऐलान

फिल्म 'अल्फा' की घोषणा साल 2024 में की गई थी। पहले इसे 17 अप्रैल 2026 को रिलीज करने की योजना थी, लेकिन अब नई तारीख 10 जुलाई तय की गई है। फिल्म केवल हिंदी में ही नहीं, बल्कि तमिल और तेलुगू भाषा में भी रिलीज होगी। स्पाई यूनिवर्स की पहली फीमेल लीड फिल्म होने के नाते मेकर्स को इससे काफी उम्मीदें हैं।

शिव रवैल ने किया है डायरेक्शन

फिल्म 'अल्फा' का निर्देशन शिव रवैल ने किया है और इसे आदित्य चोपड़ा ने प्रोड्यूस किया है। बॉक्स ऑफिस क्लैश की बात करें तो फिलहाल 10 जुलाई के आस-पास किसी बड़ी फिल्म की रिलीज नहीं है। यह सुपरस्टार यश की फिल्म 'टॉक्सिक' (4 जून) के करीब एक महीने बाद रिलीज होगी। ऐसे में फिल्म को सिनेमाघरों में अच्छी स्क्रीन मिलने की संभावना है।



...

भारत टी-20 में तीसरी बार वर्ल्ड चैंपियन, न्यूजीलैंड को हराकर रचा इतिहास

टी-20 वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का एक विज्ञापन आया। इसमें रोहित कहते नजर आए- 'टीम इंडिया हिस्ट्री रिपीट भी करेगी और टीम इंडिया हिस्ट्री डिफीट भी करेगी।'

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर हिस्ट्री रिपीट भी की और हिस्ट्री डिफीट भी की।

2024 का कारनामा 2026 में दोहराया

रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम ने 29 जून 2024 को टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। टीम ने बारबाडोस में साउथ अफ्रीका को 7 रन के अंतर से हराया। आज टीम इंडिया ने टी-20 वर्ल्ड कप जीतने का कारनामा 2026 में भी दोहरा दिया।

हिस्ट्री डिफीट कैसे?

3 इतिहास बदले

पहला: पहली बार किसी होम टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप जीता। इससे पहले कोई मेजबान टीम इस टूर्नामेंट में चैंपियन नहीं बनी।

दूसरा: पहली बार किसी टीम ने लगातार दो टी-20 वर्ल्ड कप जीते। इससे पहले कोई भी टीम अपना टाइटल डिफेंड नहीं कर सकी थी।

तीसरा: पहली बार किसी टीम ने तीन बार टी-20 वर्ल्ड कप जीते। किसी अन्य टीम ने इस टूर्नामेंट के 3 टाइटल नहीं जीते हैं।

ओपनर्स ने मजबूत शुरुआत दिलाई

मैच का टॉस न्यूजीलैंड ने जीता और कप्तान मिचेल सैंटनर ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय ओपनर्स ने पावरप्ले के अंदर सैंटनर के फैसले को गलत साबित कर दिया। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की जोड़ी ने पावरप्ले के 6 ओवर में बिना नुकसान के 92 रन बना डाले। जो टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे बड़े पावरप्ले स्कोर की बराबरी रही।

भारतीय ओपनर्स ने रिकॉर्ड साझेदारी की

भारतीय ओपनर्स ने 98 रन की ओपनिंग साझेदारी की। इसे रचिन रवींद्र ने अभिषेक शर्मा को कैच आउट कराकर तोड़ा। अभिषेक 21 गेंदों में 52 रन बनाकर आउट हो गए। यह टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास में सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी है।

सैमसन-ईशान में शतकीय साझेदारी, स्कोर 200 पार

अभिषेक के आउट होने के बाद ईशान किशन क्रीज पर आए। सैमसन ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। इस जोड़ी ने 48 बॉल पर 105 रन जोड़े। इसकी मदद से टीम इंडिया का स्कोर 15 ओवर में 200 के पार पहुंच गया।

नीशम ने भारत का रन रेट रोका, दुबे ने 250 पार पहुंचाया

एक समय लग रहा था कि भारतीय टीम 20 ओवर में 300 रन का आंकड़ा पार कर लेगी। हालाकि, 16वां ओवर लेकर आए जिमी नीशम ने एक ओवर में 3 विकेट लेकर रन रेट पर ब्रेक लगा दिया। उन्होंने पहली बॉल पर संजू सैमसन (89 रन), 5वीं बॉल पर ईशान किशन (54 रन) और आखिरी बॉल पर कप्तान सूर्यकुमार यादव (जीरो) को पवेलियन भेजा।

अगली 24 बॉल पर 28 रन ही बने। उसके बाद शिवम दुबे ने 20वें ओवर में 3 चौके और 2 छक्के के सहारे 24 रन बनाए और टीम इंडिया का स्कोर 255 रन पहुंचा दिया। यह टी-20 इंटरनेशनल में फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर है।

रनचेज में न्यूजीलैंड की खराब शुरुआत, 3 बैटर्स आउट

256 रन का टारगेट चेज कर रही न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही। टीम ने पावरप्ले में 52 रन बनाने में 3 विकेट गंवा दिए। फिन एलन (9 रन), रचिन रवींद्र (एक रन) और ग्लेन फिलिप्स (5 रन) जल्दी आउट हो गए।

टिम साइफर्ट की फिफ्टी, लेकिन जीत से दूर रहे

शुरुआती विकेट जल्दी गंवाने के बावजूद ओपनर टिम साइफर्ट ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने 26 बॉल पर 52 रन की पारी भी खेली। उनके अलावा कप्तान मिचेल सैंटनर ने 43 रन बनाए, लेकिन टीम की हार नहीं टाल सके। टीम 19 ओवर में 159 रन पर ऑलआउट हो गई।

बुमराह प्लेयर ऑफ द मैच, सैमसन प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट

फाइनल मुकाबले में 15 रन देकर 4 विकेट लेने वाले जसप्रीत बुमराह प्लेयर ऑफ द मैच रहे। वहीं, 5 मैच में 3 फिफ्टी के सहारे 321 रन बनाने वाले संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।



...

जींद में रंग बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग, चार महिलाओं की जलकर मौत

 सफीदों में एक होली के रंग बनाने वाली फैक्ट्री में सुबह 11 बजे अचानक आग लग गई। इस फैक्ट्री में 17 लोग काम कर रहे थे। इनमें से पांच पुरुष और 12 महिलाएं थे।

आग से झुलसने के कारण चार महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 13 लोग झुलस गए। इनमें से 6 को नागरिक अस्पताल में रेफर किया गया। यहां से अधिक झुलसने के कारण पांच लोगों को रोहतक पीजीआई में रेफर कर दिया गया।

रोहतक रेफर किए गए दो लोगों की हालत बहुत ही नाजुक है। नागरिक अस्पताल में इस समय पवन नामक युवक दाखिल है, जो केवल आठ प्रतिशत ही जला हुआ है।

मरने वालों में गांव सिंघपुरा निवासी पिंकी, सफीदों के वार्ड नंबर नौ निवासी गुड्डी, दिग्गी मोहल्ला निवासी पूजा और आदर्श कॉलोनी निवासी ऊषा शामिल हैं।


...

दुबई एयरपोर्ट पर उड़ानें बहाल, मिसाइल का मलबा गिरने के बाद सेवाएं रुकी थीं

 मिडिल-ईस्ट में जारी तनाव के बीच दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मिसाइल का मलबा गिरने से विमानों की उड़ान अनिश्चितकाल के लिए रोक दी गई थी। जिसके कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, इस बीच यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है।

मिसाइल हमले के मलबे के कारण उड़ानों पर लगी रोक को हटा दी गई है। एयरपोर्ट प्रशासन ने आज 7 मार्च से आंशिक रूप से विमानों की आवाजाही फिर से शुरू कर दी है।

एयरलाइन का कहना है कि जिन यात्रियों की शनिवार दोपहर की उड़ान के लिए बुकिंग पक्की हो चुकी है, वे अब हवाई अड्डे जा सकते हैं, लेकिन एयरलाइन स्थिति पर नजर रखना जारी रखेगी।

ईरानी मिसाइल का गिरा था मलबा

बता दें कि दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक, दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ईरानी द्वारा दागी गई मिसाइल का मलबा शनिवार सुबह गिर गया। जिसके बाद एयरपोर्ट से सभी उड़ानें रोक दी गईं। हालात सामान्य होने के बाद उड़ानों को शुरू किया गया है।

एयरपोर्ट ने एक्स पर साझा की जानकारी

एयरपोर्ट ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "आज (7 मार्च ) हमने आंशिक रूप से संचालन फिर से शुरू कर दिया है और कुछ उड़ानें DXB और DWC से संचालित हो रही हैं। कृपया एयरपोर्ट की ओर तब तक न जाएं जब तक आपकी एयरलाइन आपसे संपर्क करके यह पुष्टि न कर दे कि आपकी फ्लाइट कन्फर्म है, क्योंकि उड़ानों का शेड्यूल लगातार बदल रहा है।"


...

ट्रेलर के साथ ही ‘धुरंधर 2’ की टिकटों की एडवांस बुकिंग खुली

रणवीर सिंह की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' यानी 'धुरंधर 2' का ट्रेलर शनिवार को रिलीज हो गया है। ट्रेलर के साथ ही फिल्म की एडवांस बुकिंग भी ओपन कर दी गई है। बुकिंग शुरू होते ही महज एक घंटे के अंदर फिल्म के 5 हजार से ज्यादा टिकट बुक हो गए।

फिल्म के लिए फैंस का क्रेज ऐसा है कि 2500 रुपए वाले महंगे टिकट के बावजूद कई थिएटर्स में शोज हाउसफुल होने की कगार पर हैं।एक घंटे में ही बुक हुए 5 हजार टिकट

टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म बुक माय शो पर दोपहर 12:01 बजे का ट्रेंडिंग टिकर बता रहा था कि पिछले एक घंटे में फिल्म के 5 हजार टिकट बिक चुके हैं। यह डेटा केवल एक प्लेटफॉर्म का है। 18 मार्च को होने वाले पेड प्रीव्यू के लिए दर्शक सबसे ज्यादा उत्साह दिखा रहे हैं। खबर लिखे जाने तक बुकिंग की रफ्तार और तेज हो गई थी और टिकर पर यह आंकड़ा 7000 को पार कर गया था।

ट्रेलर के साथ ही शुरू हुई एडवांस बुकिंग

शनिवार सुबह 11:01 बजे 'धुरंधर 2' का ट्रेलर रिलीज किया गया। मेकर्स ने ट्रेलर के अंत में ही एडवांस बुकिंग शुरू होने का ऐलान किया। इसके साथ ही यह भी जानकारी दी गई कि 19 मार्च को फिल्म की ग्रैंड रिलीज से पहले 18 मार्च को इसके पेड प्रीव्यू भी रखे जाएंगे।

दिल्ली NCR में 2500 रुपए का एक टिकट

महंगे टिकट के बावजूद फिल्म की बुकिंग में कोई कमी नहीं दिख रही है। दिल्ली एनसीआर के प्रीमियम थिएटर्स जैसे पीवीआर डायरेक्टर्स कट में एक टिकट की कीमत टैक्स मिलाकर करीब 2500 रुपए तक पहुंच गई है। इन प्रीमियम थिएटर्स में सीटें बहुत कम होती हैं, लेकिन ट्रेलर आने के दो घंटे के भीतर ही ये सीटें लगभग भर चुकी हैं। आम थिएटर्स में भी शोज तेजी से भरने लगे हैं।


...

पाकिस्तान में ईंधन के दाम बढ़े, पेट्रोल-डीजल 55 रुपए महंगा

Pakistan सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 20% की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरों के अनुसार पेट्रोल और डीजल की कीमत में 55 पाकिस्तानी रुपए प्रति लीटर तक का इजाफा किया गया है।

इस बढ़ोतरी के बाद पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 335.86 रुपए प्रति लीटर और डीजल 321.17 रुपए प्रति लीटर हो गया है। सरकार का कहना है कि Middle East में बढ़ते तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के कारण यह फैसला लेना पड़ा।

पेट्रोल पंपों पर लगी लंबी कतारें

कीमत बढ़ने की खबर सामने आते ही लाहौर और कराची जैसे बड़े शहरों में पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोग तेल भरवाने के लिए घंटों अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। कई जगहों पर लोगों को आशंका है कि आने वाले दिनों में तेल की किल्लत हो सकती है।

जमाखोरी करने वालों पर होगी कार्रवाई

पेट्रोल की कमी की अफवाहों के बीच प्रधानमंत्री Shehbaz Sharif ने सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि जो भी लोग पेट्रोल जमा कर कृत्रिम संकट पैदा करने की कोशिश करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं पेट्रोलियम मंत्री Ali Pervaiz Malik ने कहा कि देश में फिलहाल पेट्रोल का पर्याप्त भंडार मौजूद है और घबराने की जरूरत नहीं है।

मिडिल ईस्ट संकट कब खत्म होगा, स्पष्ट नहीं

सरकार का कहना है कि मौजूदा हालात को देखते हुए पेट्रोलियम भंडार को लंबे समय तक बनाए रखने की योजना बनाई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक मिडिल ईस्ट में जारी संकट कब खत्म होगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है और इसका असर सप्लाई चेन पर पड़ सकता है।

भारत में भी LPG सिलेंडर महंगा

India में भी 7 मार्च से घरेलू LPG सिलेंडर 60 रुपए महंगा हो गया है। दिल्ली में 14.2 किलोग्राम का गैस सिलेंडर अब 913 रुपए में मिलेगा, जो पहले 853 रुपए था। वहीं 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 115 रुपए की बढ़ोतरी की गई है और यह अब 1883 रुपए में मिल रहा है।

गैस की किल्लत रोकने के लिए उत्पादन बढ़ाने का आदेश

सरकार ने 5 मार्च को इमरजेंसी पावर का इस्तेमाल करते हुए देश की सभी ऑयल रिफाइनरी कंपनियों को LPG उत्पादन बढ़ाने का निर्देश दिया है। मिडिल ईस्ट में तनाव के कारण गैस सप्लाई प्रभावित होने की आशंका के चलते यह कदम उठाया गया है।

निर्देश के अनुसार अब रिफाइनरियां प्रोपेन और ब्यूटेन का इस्तेमाल प्राथमिकता से रसोई गैस बनाने में करेंगी। इन गैसों की सप्लाई सरकारी तेल कंपनियों — Indian Oil Corporation, Hindustan Petroleum और Bharat Petroleum — को दी जाएगी, ताकि उपभोक्ताओं को बिना रुकावट गैस सिलेंडर मिल सके।

कच्चे तेल के दाम 90 डॉलर के पार

ईरान को लेकर Donald Trump के एक बयान के बाद ग्लोबल एनर्जी मार्केट में हलचल बढ़ गई है। ट्रम्प ने ईरान से “बिना शर्त सरेंडर” की मांग की, जिसके बाद कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखी गई।

शुक्रवार को क्रूड ऑयल WTI फ्यूचर्स 12.2% की बढ़त के साथ 90.90 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया।

भारत को रूस से तेल खरीदने की छूट

इस बीच भारत के लिए राहत की खबर यह है कि उसे Russia से कच्चा तेल खरीदने की अनुमति मिल गई है। अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने भारतीय रिफाइनरियों को 30 दिन का विशेष लाइसेंस जारी किया है, जो 3 अप्रैल तक वैध रहेगा।


...