पुरोहित ने पांडियन के निधन पर जताया शोक

चेन्नई, (वार्ता) तमिलनाडु के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने शुक्रवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के वरिष्ठ नेता डी. पांडियन के निधन पर शोक व्यक्त किया। श्री पुरोहित ने अपने शोक संदेश में कहा, “मैं पूर्व सांसद श्री पांडियन के निधन से बहुत दुखी हूं। मैं सर्वशक्तिमान ईश्वर से उनकी आत्मा को शांति प्रदान करने तथा उनके परिवार और प्रशंसकों को यह अथाह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। मैं उनके परिवार के शोक संतप्त सदस्यों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।” राज्यपाल ने कहा कि श्री पांडियन का निधन तमिलनाडु के लोगों और खास तौर पर भाकपा के लिए एक अपूरणीय क्षति है। गौरतलब है कि श्री पांडियन का लंबी बीमारी के बाद शुक्रवार सुबह राजीव गांधी सरकारी अस्पताल में निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे। श्री पांडियन गुर्दे की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे और उनका नियमित हीमोडायलिसिस चल रहा था। उन्हें बेहोशी की अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कल रात उनकी हालत बहुत गंभीर हो गयी और जीवन रक्षक प्रणाली पर रखे जाने के बावजूद सुबह करीब सवा दस बजे उनका निधन हो गया।