27 साल बाद दिल्ली में BJP सरकार संभव

दिल्ली विधानसभा चुनाव के रुझानों में भाजपा 27 साल बाद सत्ता में वापसी करती दिख रही है। 2 घंटे की मतगणना के बाद चुनाव आयोग के आंकड़ों में 70 सीटों में से भाजपा 45 और आम आदमी पार्टी (AAP) 25 सीटों पर आगे चल रही है।

AAP संयोजक केजरीवाल नई दिल्ली सीट पर 8वें राउंड के बाद 430 वोट से पीछे चल रहे हैं। यहां भाजपा के प्रवेश वर्मा आगे हैं। दिल्ली दंगों वाली सीट मुस्तफाबाद सीट पर भाजपा के मोहन बिष्ट 40 हजार वोटों से आगे हैं। यहां दिल्ली दंगों के आरोपी ताहिर हुसैन चौथे नंबर पर हैं।

इससे पहले भाजपा ने 1993 में भाजपा ने दिल्ली में सरकार बनाई थी। तब भाजपा ने 49 सीटें जीतीं और 5 साल में 3 CM बनाए थे।

इस बीच, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने चुनावों में AAP के प्रदर्शन पर तंज कसा। उन्होंने पोस्ट में लिखा- और लड़ो आपस में...

दिल्ली में 5 फरवरी को 70 सीटों पर 60.54% मतदान हुआ था। 14 एग्जिट पोल आए। 12 में भाजपा और 2 में केजरीवाल की सरकार बनने का अनुमान जताया गया।

+++++++++++2020 में केजरीवाल तीसरी बार CM बने थे, लेकिन शराब घोटाले में जेल से बाहर आने के बाद इस्तीफा दे दिया। वे 4 साल 7 महीने और 6 दिन CM रहे। इसके बाद उन्होंने आतिशी को CM बनाया।

CM समेत 3 मंत्री पीछे, 3 को बढ़त

आतिशी कालकाजी सीट से 2800 वोटों से भाजपा के रमेश बिधूड़ी से पीछे चल रही हैं।

सौरभ भारद्वाज ग्रेटर कैलाश सीट से 2721 वोटों से भाजपा की शिखा राय से पीछे चल रहे हैं।

गोपाल राय बाबरपुर सीट से 20750 वोटों से आगे हैं। यहां भाजपा के अनिल वशिष्ठ दूसरे नंबर पर हैं।

इमरान हुसैन बल्लीमारान सीट से 15302 वोटों से आगे चल रहे हैं। भाजपा के कमल बागरी दूसरे नंबर पर हैं।

मुकेश अहलावत सुल्तानपुर माजरा सीट से 6872 वोटों से आगे चल रहे हैं। भाजपा के करम सिंह दूसरे नंबर पर हैं।

राघवेंद्र शौकीन नांगलोई जाट सीट से 10765 वोट से पीछे चल रहे हैं। भाजपा के मनोज शौकीन यहां आगे हैं।