ब्रिटिश सुप्रीम कोर्ट के पांच वरिष्ठ जजों ने एक राय से फैसला लिया कि ‘महिला लिंग’ का मतलब केवल जैविक महिलाएं हैं. जजों ने स्कॉटलैंड के जेंडर-क्रिटिकल ग्रुप फॉर वुमन स्कॉटलैंड (FWS) के पक्ष में फैसला सुनाया. इस समूह ने इस मामले में अपील की थी. यह फैसला उन लोगों के लिए झटका है, जो मानते हैं कि कानूनी लिंग पहचान के तहत जो लोग जन्म के बाद महिला के रूप में परिवर्तित हुए हैं, उनको महिलाओं के सभी हक मिलने चाहिए. हालांकि अदालत ने साफ किया कि जो लोग ट्रांसजेंडर के रूप में पहचान रखते हैं, वे अभी भी कानून के अन्य नियमों के तहत भेदभाव से सुरक्षित हैं.
FWS की ओर से अपील में पक्ष रखने वाले वकील ने अदालत से आग्रह किया कि कानूनी कल्पना के बजाय जैविक असलियत के तथ्यों पर विचार करें. LGBTQ+ कार्यकर्ताओं का लंबे समय से तर्क है कि अगर अदालत ने जन्म से महिलाओं के पक्ष में फैसला सुनाया, तो ट्रांसजेंडर महिलाएं कई सुविधाओं तक पहुंच नहीं बना पाएंगी. इसमें महिलाओं के आश्रयों में रहने की सुविधा भी शामिल है. यह फैसला स्कॉटिश सरकार और FWS के बीच वर्षों की कानूनी लड़ाई के बाद आया. जिसमें समूह का मानना था कि केवल वे लोग जो महिला के रूप में जन्मे हैं, उन्हें कानूनी रूप से महिला के रूप में संरक्षित किया जाना चाहिए.
‘महिला’ की परिभाषा
यह पूरी बहस समानता अधिनियम 2010 की व्याख्या करने के मकसद से थी. जिसने लिंग, जेंडर सहित कई विशेषताओं की रक्षा की और महिला को किसी भी उम्र की महिला के रूप में बताया गया है. स्कॉटिश सरकार का मानना था कि जो कोई भी महिला में परिवर्तित हो गया है और जिसने जेंडर रिकग्निशन सर्टिफिकेट हासिल किया है, उसे समानता अधिनियम के तहत महिला के रूप में परिभाषित किया जा सकता है. दूसरी ओर, FWS का मानना था कि जन्म के समय का जैविक लिंग अपरिवर्तनीय है और उनके जेंडर पहचान से अधिक महत्वपूर्ण है. इसलिए उनका तर्क था कि ट्रांस महिलाओं को उन महिलाओं के समान कानूनी सुरक्षा नहीं मिलनी चाहिए जो महिला के रूप में जन्मी हैं.
समूह ने नवंबर में सुप्रीम कोर्ट का रुख किया. उसने 2018 के स्कॉटिश कानून के खिलाफ चुनौती पेश की, जिसका उद्देश्य सार्वजनिक क्षेत्रों में अधिक महिलाओं को नियुक्त करना था. लेकिन इसमें वे ट्रांस महिलाएं भी शामिल थीं, जिनके पास GRC था. GRC या जेंडर रिकग्निशन सर्टिफिकेट 2004 के जेंडर रिकग्निशन एक्ट के तहत पेश किया गया था, जो लोगों को उनके लिंग को बदलने और पुरुष या महिला के रूप में पहचान बनाने की अनुमति देता है.