रविवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। रविवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री से लुढ़ककर 35 पर पहुंच गया। एक दिन में पांच डिग्री की गिरावट होने से लोगों को तपती धूप से राहत मिली। सुबह से शाम तक धूप को बादल ढके रखा। दिन में ही कहीं-कहीं अंधेरे जैसी स्थिति होती रही।
हालांकि, बीच-बीच में हवा की गति कम होने से उमस होती रही, फिर हवा चलते ही मौसम राहत देने वाला रहा। सोमवार को भी मौसम सुहाना रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक, शहर और आसपास के क्षेत्रों में कभी भी वर्षा हो सकती है। मौसम में गर्मी और कम होने की उमीद है। तेज हवा के साथ बादल गरजने की संभावना है। इससे भगलपुर सहित बिहार के अन्य जिलों में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही प्रचंड गर्मी लोगों को राहत मिली है।
बिहार मौसम सेवा ने किया अलर्ट जारी
बिहार मौसम सेवा केंद्र ने बिहार के कई जिलों में तेज आंधी और भारी वर्षा को लेकर दो दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है। भागलपुर और मुंगेर जिला को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। दोनों जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की स्पीड से हवा चलने के साथ वर्षा और वज्रपात की संभावना है।
इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
तेज आंधी और भारी वर्षा को लेकर ऑरेंज अलर्ट में दरभंगा, पूर्णिया, सहरसा और बेगूसराय शामिल हैं।
इन जिलों के लिए रेड अलर्ट
रेड अलर्ट में पटना, सीवान, गोपालगंज, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, कैमूर, रोहतास, बांका, जमुई, गया, भोजपुर, जहानाबाद, नालंदा, अरवल, औरंगाबाद, भोजपुर, बक्सर, गोपालगंज, खगड़िया, लखीसराय, नवादा, समस्तीपुर, शेखपुरा, वैशाली और सारण शामिल हैं। इन जिलों में तेज रफ्तार से हवा चलने और वज्रपात के साथ जोरदार वर्षा होने की संभावना है।
पांच डिग्री गिरा पारा
बिहार कृषि विश्वविद्यालय की मौसम विज्ञानी डॉ. नेहा पारीक ने बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान पांच डिग्री गिरते हुए 40.1 डिग्री सेल्सियस से 34.9 डिग्री सेल्सियस , न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
78 प्रतिशत आद्रता के साथ महज 5.7 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पूर्वा हवा चल रही है। सोमवार को जिले में कहीं-कहीं हल्की वर्षा होने की संभावना है। मौसम सुहाना बना रहेगा।