दिल्ली-NCR के कई इलाकों में झमाझम बारिश, मौसम हुआ खुशनुमा

दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बारिश (Delhi Rains) हो रही है। बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, दिल्ली में तेज बारिश लोगों के लिए आफत बन जाती है।

बता दें कि पिछले कई दिनों से दिल्ली-एनसीआर में मौसम सुहावना बना हुआ है। वहीं, आज यानी (शनिवार) सुबह झमाझम बारिश हुई।

उधर, शुक्रवार को भी मौसम का मिश्रित मिजाज ही देखने को मिला। यलो अलर्ट के बीच शुक्रवार को कभी आसमान साफ हो जाता तो कभी बादलों की आवाजाही देखने को मिलती। धूप भी सुबह ही निकल गई थी। तेज आंधी और वर्षा के पूर्वानुमान में देर शाम तक इसका इंतजार ही होता रहा।

हवा में नमी का स्तर 78 से 42 रहा

बता दें कि अधिकतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री कम 36.7 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 78 से 42 रहा। 

मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। हल्की वर्षा होने की संभावना है। 10 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। बीच-बीच में हवा की रफ्तार 30 किमी प्रति घंटे तक भी जा सकती है।

बताया गया कि अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 37 और 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दो दिन बाद यानी सोमवार से अधिकतम तापमान 40 डिग्री पार हो जाने के आसार हैं।