राष्ट्रीय राजधानी में अभी मौसम मिलाजुला ही रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के असर से आज यानी सोमवार को भी धूल भरी तेज आंधी चलने और हल्की वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान तापमान सामान्य से कम या उसके आसपास ही रहेगा। उधर, दिल्ली की वायु गुणवत्ता अभी संतोषजनक श्रेणी में चल रही है।
सोमवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दिन में बादल छाए रहेंगे। धूप भी खिली रहेगी लेकिन 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चलेगी। गर्जन वाले बादल बनने और बिजली चमकने के भी आसार हैं।
सोमवार को सुबह 9 बजे दिल्ली का एक्यूआइ 97 रिकार्ड किया गया। इसे संतोषजनक श्रेणी में रखा जाता है। एनसीआर के शहरों में भी हवा संतोषजनक से मध्यम श्रेणी में ही चल रही है। पूर्वानुमान है कि हाल फिलहाल एक्यूआई की यही श्रेणी बनी रहेगी।