भारत को कोसने वाले Shahid Afridi का दुबई में हुआ जोरदार स्वागत, केरल समिति पर उठे गंभीर सवाल

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गए हैं। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने आतंकवादियों का सफाया करने के लिए 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाया था।

इस ऑपरेशन के बाद शाहिद अफरीदी ने भारत और भारतीय सेना के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक और जहरीले बयान दिए थे। इन बयानों से पूरा भारत गुस्से में था और भारतीयों के बीच अफरीदी को लेकर जबरदस्त नाराजगी देखी गई थी। अब इस बीच अफरीदी को लेकर एक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जिसने इस गुस्से को और भड़का दिया।

Shahid Afridi का दुबई में हुआ स्वागत, भारत में गुस्से का माहौल

दरअसल, जिस शाहिद अफरीदी (Shahid Afridi) ने भारत को लगातार कोसा और भारतीय सेना पर सवाल उठाए, उसी का दुबई में केरल समुदाय के लोगों ने भव्य स्वागत किया है। यह घटना दुबई में एक कार्यक्रम के दौरान हुई, जहां केरल समिति से जुड़े लोगों ने अफरीदी का जोरदार स्वागत किया।

वायरल हो रहे वीडियो और तस्वीरों में देखा जा सकता है कि अफरीदी का 'बूम बूम' के नारों के साथ स्वागत किया गया और उन्हें सम्मान दिया गया।

यह स्वागत ऐसे समय में हुआ है जब भारतीय लोग अफरीदी के पिछले बयानों को भूले नहीं। उनके बयानों को अक्सर भारत विरोधी और उकसाने वाला माना जाता रहा है। ऐसे में दुबई में केरल समिति द्वारा उनका इस तरह से स्वागत किए जाने के बाद उन पर सवाल खड़े हो गए हैं। लोग पूछ रहे हैं कि क्या भारत के खिलाफ जहर उगलने वाले इंसान का इस तरह से सम्मान करना सही है?

अब ये समारोह बड़ा विवाद का मुद्दा बन गया है। केरल समिति के इरादों पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। लोग गुस्से में ये कह रहे हैं कि क्या उन्हें अफरीदी के भारत विरोधी बयानों की जानकारी नहीं थी? या जानबूझकर ऐसे व्यक्ति का सम्मान किया गया, जिसने भारतीय सुरक्षा बलों पर टिप्पणी की हो?

वीडियो पर कमेंट करते हुए रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल सुशील सिंह श्योराण ने एक्स पर लिखा कि शाहिद अफीरीदी आतंकियों का समर्थन करते हुए भारत और भारतीय सशस्त्र बलों की आलोचना करते हैं, फिर दुबई में केरल समुदाय उनका स्वागत करता है। मेरा सिर्फ शर्म से झुक जाता है और मेरा खून खौल उठता है। सीमा पर तेनात वह सैनिक जब ये दखेगा तो क्या सोचेगा। वह भारत का सबसे बड़ा दुश्मन है। शर्म आती है।

भारत के खिलाफ बोले अफरीदी

पहलगाम में एक आतंकी हमले के दौरान 26 मासूम नागरिकों की जान चली गई थी। इस दिल दहला देने वाली घटना के तुरंत बाद शाहिद अफरीदी पाकिस्तानी टेलीविजन पर सामने आए और उन्होंने भारत की सुरक्षा बलों पर ही सवाल उठाते हुए एक जहरिया बयान दिया।

उन्होंने कहा था, "तुम लोगों की 8 लाख ही फौज है कश्मीर में और यह हो गया। इसका मतलब नालायक हो, निकम्मे हो ना तुम लोग सिक्योरिटी दे नहीं सके लोगों को।"