गुजरात में पिछले 2 दिन से तेज बारिश हो रही है। सूरत में 24 घंटे में 10 इंच बारिश दर्ज की गई है। शहर के कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। अधिकतर सड़कों पर पानी भर गया है। शहर के स्कूल भी बंद कर दिए गए हैं।
लगातार बारिश से दो स्टेट हाईवे में जलभराव हो गया है। 4-5 हाउसिंग सोसाइटी में पानी भर गया है। पूना पर्वत गाम, वराछा, कपोदरा, कटारगाम, वेद रोड और जहांगीर पुरा जैसे निचले इलाकों में लोगों के घरों में पानी घुस गया है।
इधर, दक्षिण पश्चिम मानसून ने मंगलवार को हरियाणा में भी एंट्री कर ली। इसके साथ ही दिल्ली को छोड़कर मानसून हर राज्य में पहुंच गया है। 24 मई को यानी तय तारीख से 8 दिन पहले मानसून ने केरल में दस्तक दी थी।
दिल्ली में सामान्य तौर पर 30 जून तक मानसून पहुंचता है। राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और यूपी के कुछ जिलों में मानसून का प्रवेश बाकी है। आमतौर पर मानसून 8 जुलाई तक पश्चिमी राजस्थान के पोखरण में पहुंचता है।
उत्तर प्रदेश में जून में बारिश का 50 साल का रिकॉर्ड टूट गया है। 1971 से 2020 के बीच हुई औसत बारिश के मुकाबले इस साल 25% ज्यादा बरसात हुई है। इस साल राज्य में 1 जून से 23 जून के बीच 66.9 मिमी औसत बारिश हुई है, जबकि अनुमान 53.7 मिमी का था।
उत्तराखंड के नौ कैंची और बद्रीनाथ में लैंड स्लाइड, 3 की मौत
उत्तराखंड में मानसून के पहुंचने के साथ ही प्राकृतिक आपदाओं का दौर भी शुरू हो गया है। यमुनोत्री पैदल मार्ग पर नौ कैंची बैंड के पास भूस्खलन हुआ, इसमें करीब आधा दर्जन यात्री दब गए। मलबे से 2 शव बरामद किए गए हैं। राहत और बचाव का काम जारी है।
बद्रीनाथ से लौट रहे हरियाणा के श्रद्धालु की कार पर पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर गिर जाने से महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। केदारनाथ पैदल मार्ग पर बरसाती नाले में उफान से भारी मात्रा में मलबा दुकानों में घुस गया। लगभग आधा दर्जन दुकानों को नुकसान हुआ है।
सूरत के कई इलाकों में पानी भरा, वापी-नाडियाद में बाढ़ जैसे हालात
गुजरात के दक्षिण गुजरात में पिछले दो दिनों से जमकर बारिश हो रही है। सोमवार को सूरत जिले में पिछले 24 घंटे में 10 इंच बारिश दर्ज की गई। सूरत शहर में भी सोमवार सुबह 8 बजे से 12 बजे तक 7 इंच बारिश हुई। इससे सूरत में कई जगह बाढ़ का हालात बन गए हैं।
आज सुबह से भी शहर में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। सूरत का कॉजवे ओवरफ्लो होने के चलते यातायात के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। सूरत जिले के बारडोली के कई इलाकों में भी घुटनों तक पानी भरा हुई है। ऐसा ही हाल खंभात शहर का है। यहां सोमवार देर रात से शुरू हुई भारी बारिश से सड़कें डूब गई हैं। तालाब फटने से मांडवी के मुंजालवा गांव में पानी भर गया है।
अगले दो दिन के मौसम का हाल ...
25 जून: दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली-NCR में तेज बारिश का अलर्ट है। मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। गुजरात में कोंकण-गोवा में भारी बारिश की चेतावनी है।
असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश होगी। पश्चिम बंगाल, झारखंड, और ओडिशा में हल्की बारिश की संभावना है। केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में बारिश जारी रहेगी। तमिलनाडु में गर्म और आंशिक रूप से शुष्क मौसम रहेगा।
26 जून: दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली-NCR में तेज बारिश जारी रहेगी। बिजली भी गिर सकती है।
मध्य प्रदेश, गुजरात, गोवा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश में भी तेज बारिश की स्थिति बनी रहेगी। दक्षिण भारत के राज्यों में भी बारिश होगी।