बिहार में दरोगा और पुलिस भर्ती को लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस दौरान कई उम्मीदवार हाथों में तिरंगा लिए हुए थे। आरोप है कि पुलिस ने अभ्यर्थियों से तिरंगा छीना और उसके डंडे से उनकी पिटाई की।
सुबह से ही अभ्यर्थी पटना कॉलेज से सीएम हाउस घेराव के लिए निकले थे। जेपी गोलंबर पर बैरिकेड तोड़ने के बाद वे डाकबंगला चौराहे पहुंचे, जहां पुलिस ने बल प्रयोग किया। तिरंगे के डंडे से पिटाई की घटना पर राजद ने राज्य सरकार और पुलिस को घेरा और इसे राष्ट्रीय ध्वज का अपमान बताया।
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगें
दरोगा भर्ती की वैकेंसी जल्द निकाली जाए।
आचार संहिता लागू होने से पहले भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए।
सिपाही भर्ती परीक्षा में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र, ओएमआर शीट व आंसर की उपलब्ध कराई जाए।
इस आंदोलन में अभ्यर्थियों के साथ कई शिक्षक और शिक्षक नेता भी शामिल हुए। हाल ही में पुलिस विभाग ने दरोगा के 28 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया था, लेकिन उम्मीदवारों की मांग है कि इसे बढ़ाकर बड़ी संख्या में भर्ती की जाए। चर्चा है कि करीब 23,600 पदों पर भर्ती की संभावना है।