फ्रांस के नए प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू ने इस्तीफा दिया, एक महीने पहले ही बने थे

फ्रांस से बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है। नए प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने महज एक महीने से भी कम समय पहले ही प्रधानमंत्री का कार्यभार संभाला था। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सोमवार को उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया।

राजनीतिक संकट के बीच लेकोर्नू ने अपने नए मंत्रिमंडल की नियुक्ति के कुछ ही घंटों बाद यह कदम उठाया। कहा जा रहा है कि उनके सहयोगियों और विरोधियों ने उनकी सरकार को गिराने की धमकी दी थी, जिससे इस्तीफा देने का निर्णय लिया गया।

इस अप्रत्याशित इस्तीफे से फ्रांस में राजनीतिक अस्थिरता और गहरी हो गई है। इस्तीफे की खबर के बाद फ्रांस के शेयर बाजार में भी भारी गिरावट देखने को मिली।

लेकॉर्नू ने रविवार को मंत्रियों की नियुक्ति की थी और सोमवार दोपहर को मंत्रिमंडल की पहली बैठक होनी थी। लेकिन इससे पहले उन्होंने अपने पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया। उन्होंने इस्तीफा राष्ट्रपति मैक्रों को सौंपा, जिसे राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया।

फ्रांस में 2022 के राष्ट्रपति चुनाव के बाद किसी भी पार्टी के पास संसदीय बहुमत नहीं है। यही वजह है कि देश की राजनीतिक स्थिति लगातार अस्थिर बनी हुई है, और लेकोर्नू का इस्तीफा इस अस्थिरता को और बढ़ा रहा है।