लगातार दूसरे दिन हुई बरसात की झड़ी से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। ठंडी हवाओं ने लोगों को सिहरन का अहसास कराया। अक्टूबर महीने में जितनी सामान्य रूप से बरसात होती है, इस बार उससे कहीं अधिक बारिश हो चुकी है। मंगलवार की सुबह तक पिछले 24 घंटों में 15.5 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
शाम को एक घंटे की झमाझम बारिश ने मौसम का मिज़ाज पूरी तरह बदल दिया। घरों में एसी, पंखे और कूलर बंद हो गए, वहीं लोगों ने हल्के गर्म कपड़े पहनना शुरू कर दिया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। मानसून के विदा होते ही गर्मी का अंत हो गया है और दीपावली तक गुलाबी ठंड का असर रहने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
मंगलवार की शाम तेज हवाओं और बारिश ने तापमान में और गिरावट ला दी। सामान्यत: अक्टूबर में औसतन 17 मिलीमीटर वर्षा होती है, जबकि इस बार अब तक 30 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है।
कृषि विशेषज्ञों ने इस बारिश को धान की फसल के लिए नुकसानदेह बताया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 27.3 और न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय के मौसम केंद्र प्रभारी डॉ. यू.पी. शाही के अनुसार बुधवार को मौसम साफ रहने की संभावना है।