बी. आर. चोपड़ा की ‘महाभारत’ के बाद अब ओटीटी पर शुरू होगा ‘धर्मयुद्ध’ का नया अध्याय

महाभारत भारतीय सिनेमा और टेलीविजन जगत का सबसे लोकप्रिय पौराणिक विषय रहा है। इस महागाथा पर अब तक कई यादगार शो और फिल्में बनाई जा चुकी हैं, जिनमें 80 के दशक में निर्देशक बी. आर. चोपड़ा की ‘महाभारत’ ने दूरदर्शन पर इतिहास रच दिया था। अब प्रसार भारती ने इस कहानी को एक नए रूप में पेश करने का बीड़ा उठाया है। चैनल के ओटीटी प्लेटफॉर्म ‘वेव्स’ पर जल्द ही ‘महाभारत – एक धर्मयुद्ध’ नाम की एआई जनरेटेड वेब सीरीज़ स्ट्रीम की जाएगी, जिसका शानदार ट्रेलर रिलीज हो चुका है।

इस एआई-आधारित सीरीज़ का ट्रेलर 11 अक्टूबर को वेव्स के आधिकारिक एक्स हैंडल पर शेयर किया गया। महाभारत के इस आधुनिक एआई संस्करण को देखकर दर्शकों को बी. आर. चोपड़ा की क्लासिक महाभारत की झलक महसूस होगी। ट्रेलर के साथ कैप्शन में लिखा गया है— “सभी युद्धों का युद्ध, सर्वकालिक महानतम कहानी — वेदव्यास की महाभारत अब एआई अवतार में।”

लगभग 1 मिनट 54 सेकंड लंबे इस ट्रेलर ने सोशल मीडिया पर उत्सुकता बढ़ा दी है। दर्शक अब इस डिजिटल रूप में पुनर्जीवित महागाथा का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। प्रसार भारती के अनुसार, ‘महाभारत – एक धर्मयुद्ध’ 25 अक्टूबर को वेव्स ओटीटी प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम की जाएगी।