रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सेना प्रमुख ने किया सम्मानित
ओलंपिक गोल्ड मेडल विजेता भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा को बुधवार को भारतीय सेना में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल की उपाधि प्रदान की गई। यह सम्मान समारोह दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी की मौजूदगी में आयोजित हुआ। नीरज को यह सम्मान एथलेटिक्स में असाधारण उपलब्धियों और देश के युवाओं को प्रेरित करने में उनके योगदान के लिए दिया गया है। इसके साथ ही वह उन चुनिंदा भारतीय खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं जिन्हें खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सेना में मानद पद से नवाजा गया है।
‘द गैजेट ऑफ इंडिया’ के अनुसार, यह नियुक्ति 16 अप्रैल से प्रभावी हुई है। नीरज ने 26 अगस्त 2016 को भारतीय सेना में नायब सूबेदार के रूप में कमीशन प्राप्त किया था। इसके बाद शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें 2018 में अर्जुन अवॉर्ड और 2021 में खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
ओलंपिक में लहराया था भारत का परचम
टोक्यो ओलंपिक 2020 में नीरज चोपड़ा ने 87.58 मीटर के थ्रो के साथ ऐतिहासिक गोल्ड मेडल जीतकर भारत का नाम रोशन किया था। इसके बाद उन्हें सेना में सूबेदार के पद पर प्रमोट किया गया। 2022 में भारतीय सेना ने उन्हें परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया और बाद में सूबेदार मेजर के पद पर पदोन्नत किया गया। इसी वर्ष उन्हें देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म श्री से भी नवाजा गया।
पेरिस ओलंपिक में मिला सिल्वर
पेरिस ओलंपिक 2024 में नीरज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 89.45 मीटर के थ्रो से सिल्वर मेडल जीता। इस प्रतियोगिता में पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 92.97 मीटर थ्रो के साथ गोल्ड अपने नाम किया।