जस्टिस सूर्यकांत बनेंगे देश के 53वें मुख्य न्यायाधीश, कानून मंत्रालय ने जारी की अधिसूचना — 24 नवंबर को लेंगे शपथ

केंद्र सरकार ने गुरुवार को जस्टिस सूर्यकांत को भारत का 53वां मुख्य न्यायाधीश (CJI) नियुक्त किया है। इस संबंध में केंद्रीय कानून मंत्रालय के न्याय विभाग ने अधिसूचना जारी कर उनकी नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा की। जस्टिस सूर्यकांत 24 नवंबर 2025 को देश के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ लेंगे, और वह मौजूदा मुख्य न्यायाधीश बी.आर. गवई का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल 23 नवंबर को समाप्त हो रहा है।

केंद्रीय कानून मंत्री अरुण राम मेघवाल ने इस नियुक्ति की जानकारी एक्स (X) पर साझा करते हुए लिखा— “भारत के संविधान के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए, राष्ट्रपति ने सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत को 24 नवंबर 2025 से प्रभावी रूप से भारत का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया है। मैं उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।”

15 महीने का कार्यकाल रहेगा

वर्तमान सीजेआई बी.आर. गवई के 23 नवंबर को सेवानिवृत्त होने के बाद जस्टिस सूर्यकांत 24 नवंबर को पदभार संभालेंगे। उनका कार्यकाल लगभग 15 महीनों का होगा, और वह 65 वर्ष की आयु पूरी करने पर 9 फरवरी 2027 को सेवानिवृत्त होंगे।