उत्तर भारत के कई राज्यों में सर्दी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और पंजाब में शीतलहर का असर तेज हो गया है। बुधवार को राजस्थान के 9 और मध्य प्रदेश के 8 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। भोपाल में लगातार पांचवें दिन रात का तापमान 8 डिग्री पर बना रहा।
हरियाणा के सात शहरों में भी तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया, जिनमें नारनौल सबसे ठंडा रहा जहां पारा 7.7 डिग्री दर्ज किया गया। दिल्ली में भी ठंड बढ़ने लगी है, जहां न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने गुरुवार सुबह के लिए हल्के कोहरे की संभावना जताई है।
सर्दी के साथ-साथ प्रदूषण भी राजधानी और हरियाणा में लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। दोनों राज्यों के 13 शहरों में AQI 400 से ऊपर चला गया है। हरियाणा के जींद में AQI 418 के साथ सबसे ज्यादा प्रदूषण दर्ज हुआ, जबकि दिल्ली के बवाना में 451 और चांदनी चौक में 449 रहा।
इंडिया गेट और कर्तव्य पथ के आसपास घनी जहरीली धुंध छाई रही। दृश्यता बेहद कम रही और इंडिया गेट धुंध की मोटी परतों में लगभग गायब सा नजर आया। लुटियंस ज़ोन में स्थित इंडिया गेट क्षेत्र का AQI भी 408 तक पहुंच गया।