रणवीर सिंह की अपकमिंग एक्शन फिल्म ‘धुरंधर’ जल्द ही सिनेमाघरों में धमाल मचाने के लिए तैयार है। फिल्म का ट्रेलर 12 नवंबर को लॉन्च होना था, लेकिन दिल्ली ब्लास्ट के बाद मेकर्स ने ट्रेलर लॉन्च इवेंट को स्थगित करने का फैसला किया है।
मेकर्स ने मंगलवार, 11 नवंबर को सोशल मीडिया के जरिए यह घोषणा की कि वे 12 नवंबर को होने वाला ट्रेलर लॉन्च अब नहीं करेंगे। इस फैसले के पीछे उन्होंने दिल्ली के लाल किले पर हुए विस्फोट में मारे गए लोगों और उनके परिवारों के प्रति सम्मान का हवाला दिया है।
फिल्म के आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक नोट साझा किया गया, जिसमें लिखा है—
“महत्वपूर्ण अपडेट: कल दिल्ली विस्फोट के पीड़ितों और प्रभावित परिवारों के सम्मान में, 12 नवंबर को होने वाला ‘धुरंधर’ ट्रेलर लॉन्च स्थगित कर दिया गया है। नई तारीख और विवरण जल्द साझा किए जाएंगे। आपकी समझदारी के लिए धन्यवाद — जियो स्टूडियोज, बी62 स्टूडियोज और टीम धुरंधर।”
फिल्म के लीड एक्टर रणवीर सिंह ने भी इस घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा—
“कल शाम दिल्ली में हुई घटना रूह कंपा देने वाली थी। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।”
इस साल की शुरुआत में फिल्म का टाइटल ट्रैक रिलीज किया गया था, जिसने अपने जोशीले बोलों और संगीत से दर्शकों में उत्साह पैदा किया था। इस गाने के जरिए रैपर हनुमानकाइंड ने बॉलीवुड में डेब्यू भी किया।
हालांकि ट्रेलर लॉन्च फिलहाल टाल दिया गया है, लेकिन फिल्म की रिलीज डेट में कोई बदलाव नहीं हुआ है। ‘धुरंधर’ 5 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है। यह एक स्पाई थ्रिलर है, जिसमें रणवीर सिंह के साथ संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन और अक्षय खन्ना जैसे दिग्गज कलाकार नजर आएंगे।