भाजपा ने शुक्रवार को दिल्ली मुख्यालय में बिहार में NDA की ऐतिहासिक जीत का भव्य जश्न मनाया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 42 मिनट का संबोधन दिया। उन्होंने मंच पर पहुंचकर कहा कि “बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया, अब कट्टा सरकार कभी वापस नहीं आएगी।” पीएम ने छठी मईया के जयकारे लगाए और कहा कि जो लोग छठ पूजा को ‘ड्रामा’ कहते हैं, वे बिहार का सम्मान नहीं समझ सकते।
अपने भाषण में उन्होंने कांग्रेस, आरजेडी, पश्चिम बंगाल, केरल और तमिलनाडु चुनावों का भी जिक्र किया। पीएम 6:51 बजे मुख्यालय पहुंचे और गमछा लहराकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। कार्यकर्ताओं ने भी उत्साह के साथ इसका जवाब दिया।
बिहार में आज NDA ने 243 में से 202 सीटों पर जीत दर्ज की, जो अब तक का रिकॉर्ड है। महागठबंधन सिर्फ 35 सीटों पर सिमट गया। बहुमत के लिए 122 सीटों की जरूरत होती है। इस चुनाव में भाजपा और जदयू ने 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ा, जबकि LJP को 29, HAM और RLM को 6-6 सीटें मिली थीं।
मोदी के भाषण की 4 बड़ी बातें
1. बंगाल में भाजपा की जीत का रास्ता बिहार ने बनाया
पीएम ने कहा कि बिहार की जीत से बंगाल समेत कई राज्यों में भाजपा को नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने कहा कि भाजपा बंगाल से जंगलराज को हटाने के लिए जनता के साथ मिलकर काम करेगी।
2. कांग्रेस में बड़ा विभाजन संभव
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस अब “मुस्लिम लीगी माओवादी कांग्रेस (MMC)” बन चुकी है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के भीतर असंतोष बढ़ रहा है और आगे चलकर बड़ा विभाजन हो सकता है।
3. बिहार में निवेश और रोजगार में तेजी आएगी
उन्होंने वादा किया कि आने वाले 5 सालों में बिहार में बड़े पैमाने पर उद्योग, निवेश और रोजगार बढ़ेंगे। पर्यटन और आस्था से जुड़े स्थानों का भी विकास किया जाएगा।
4. कांग्रेस अपने सहयोगियों का वोट बैंक खा रही है
पीएम ने कहा कि कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति से उसके सहयोगी दल भी अब दूरी बनाने लगे हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस-आरजेडी का विवाद जल्द ही खुलकर सामने आएगा।