पहाड़ी क्षेत्रों से चल रही बर्फीली हवाओं ने उत्तर भारत में ठिठुरन बढ़ा दी है। दिल्ली, बिहार, मध्य प्रदेश और राजस्थान सहित कई राज्यों में तापमान तेज़ी से गिर रहा है। उत्तराखंड के बद्रीनाथ धाम में पारा माइनस 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिसके चलते झरने और झीलें जम गई हैं।
राजस्थान में 2021 के बाद पहली बार नवंबर में तापमान 5 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है। पिछले 24 घंटों में फतेहपुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राज्य के 15 शहरों में तापमान 5 से 10 डिग्री के बीच रहा। माउंट आबू में 15 साल बाद नवंबर में ही पारा शून्य पर पहुंच गया, जिससे ओस की बूंदें जमकर बर्फ में बदल गईं। पिछले वर्ष यहाँ ओस दिसंबर 2024 में जमी थी।
मध्य प्रदेश में भोपाल, इंदौर और राजगढ़ सहित 26 जिलों में मंगलवार को शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। इंदौर में स्कूलों का समय आज से बदलकर सुबह 9 बजे कर दिया गया है, जबकि भोपाल में नर्सरी से 8वीं तक के स्कूल सुबह 8:30 बजे के बाद खुलेंगे।
दिल्ली में सोमवार की सुबह इस सीजन की सबसे ठंडी रही, जहां न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नवंबर में इससे पहले सबसे कम तापमान 29 नवंबर 2022 को 7.3 डिग्री रहा था। मंगलवार को भी राजधानी में घना कोहरा छाया रहा।