लाल आतंक को करारा जवाब: 26 नक्सली हमलों में शामिल टॉप कमांडर हिड़मा ढेर

नक्सलवाद के खात्मे के लिए चलाए गए ऑपरेशन में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। कुख्यात नक्सली माड़वी हिड़मा (Madvi Hidma) को सुरक्षाबलों ने ढेर कर दिया है। हिड़मा के साथ 5 अन्य नक्सलियों को भी मार गिराया गया है।

सुकमा से सटे आंध्र प्रदेश के अल्लुरी सीताराम जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ चल रही थी। इसी मुठभेड़ में 45 लाख के इनामी हिड़मा, उसकी पत्नी राजे और 25 लाख के इनामी एसजेडसीएम टेक शंकर मारे गए। कई घंटों की भारी फायरिंग के बाद कुल 6 नक्सली ढेर कर दिए गए, जबकि सुकमा में भी एक नक्सली मारा गया। इस तरह कुल संख्या 7 हो गई है।

पुलिस का बयान

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह एनकाउंटर आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की सीमा पर हुआ। पुलिस को इस इलाके के जंगलों में बड़ी संख्या में नक्सलियों के छिपे होने की जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। सुबह से ही दोनों ओर से गोलाबारी जारी थी। सुकमा में 1 और आंध्र प्रदेश में 6 नक्सलियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया।

अल्लुरी सीताराम जिले के एसपी अमित बरदार के मुताबिक,

सुबह करीब 6:30–7 बजे मारेडुमिल्ली मंडल के जंगल में एनकाउंटर शुरू हुआ। अब तक 6 नक्सलियों के ढेर होने की सूचना है। यह ऑपरेशन पुलिस और सुरक्षाबलों का संयुक्त अभियान था।

हिड़मा की पत्नी भी मारी गई

माड़वी हिड़मा को सबसे खूंखार और हाई-प्रोफाइल नक्सलियों में गिना जाता था। उसके कई हमलों में आम नागरिकों के साथ 26 सुरक्षाबलों की भी मौत हुई थी। पुलिस ने उस पर 50 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। एनकाउंटर में उसकी पत्नी राजे भी मारी गई।

कौन था हिड़मा?

हिड़मा का जन्म 1981 में सुकमा जिले में हुआ था। पीपुल्स लिब्रेशन गुरिल्ला बटालियन का नेतृत्व करने के बाद वह सीपीआई-माओवादी की केंद्रीय कमेटी तक पहुंच गया। झीरम घाटी हमले के बाद उसका नाम पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर उभरा था। इसके बाद उसने कई बड़े नक्सली हमलों को अंजाम दिया और लंबे समय तक बस्तर इलाके में उसकी दहशत बनी रही।

हिड़मा देश की एकमात्र माओवादी बटालियन नंबर-1 का कमांडर था, जो अपने बड़े और संगठित हमलों के लिए कुख्यात है। हाल ही में संगठन ने उसे केंद्रीय समिति का सदस्य बनाते हुए बटालियन नंबर-1 का प्रभारी बनाया था। अब उसकी जगह उसके ही गांव के बारसे देवा को नया कमांडर नियुक्त किया गया है।