आंध्र प्रदेश पुलिस ने माओवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठन के साउथ बस्तर और दंडकारण्य नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। पुलिस और माओवादियों के बीच मारेदुमिल्ली क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में सात माओवादी मारे गए, जिनमें तीन महिलाएँ भी शामिल हैं। मारे गए माओवादियों में एक की पहचान मेतुरी जोखा राव उर्फ शंकर के रूप में हुई है, जो आंध्र–ओडिशा बॉर्डर (AOB) का इंचार्ज और तकनीकी व हथियार निर्माण में विशेषज्ञ था। बाकी मारे गए नक्सलियों की पहचान जारी है।
इसके अलावा, पुलिस ने कृष्णा, एलुरु, NTR विजयवाड़ा, काकीनाडा और डॉ. बीआर अंबेडकर कोनासीमा जिलों से CPI (माओवादी) के 50 ऑपरेटिव्स को गिरफ्तार किया है। इनमें वरिष्ठ माओवादी नेता, लॉजिस्टिक्स और कम्युनिकेशन एक्सपर्ट, हथियारबंद प्लाटून सदस्य और पार्टी कैडर शामिल हैं। इनमें से कई की केंद्रीय समिति सदस्य माडवी हिड़मा से करीबी संबद्धता पाई गई है।