उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है और कई राज्यों में तापमान तेजी से गिर रहा है। मौसम विभाग ने आज फिर से 5 राज्यों में भीषण शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। मध्य महाराष्ट्र और पश्चिमी मध्य प्रदेश में आज और कल शीतलहर की स्थिति बनी रहने की संभावना है। वहीं मराठवाड़ा, विदर्भ, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भी ठंड और बढ़ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम और मध्य भारत में अगले 24 घंटों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद 2–4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी देखी जा सकती है।
IMD ने 18 से 24 नवंबर के बीच दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी भी दी है। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल और आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं। तमिलनाडु में तेज बारिश की वजह से कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई है।
हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति और मनाली क्षेत्र में बर्फबारी जारी है, जिससे ठंड और बढ़ गई है। मनाली में न्यूनतम तापमान 9–10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। उत्तराखंड में भी तापमान 2–3 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान है। वहीं, दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज बादल छाए रहने के साथ सुबह के समय कोहरा और धुंध की स्थिति रहेगी। राजधानी में न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
राजस्थान में शीतलहर का कहर बढ़ने लगा है और माउंट आबू में तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। आज से राजस्थान और मध्य प्रदेश में ठंडी हवाएं तेज होंगी, जिनकी रफ्तार 15–20 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है।
उत्तर प्रदेश में सर्द हवाओं के कारण तापमान में और गिरावट आएगी। कानपुर, बाराबंकी, इटावा, लखनऊ और प्रयागराज सहित कई जिलों में शीतलहर की वजह से ठंड अचानक बढ़ सकती है। बिहार में पटना और आसपास के इलाकों में मौसम शुष्क रह सकता है, लेकिन पछुआ हवाओं के चलते सुबह-शाम हल्की ठंडक महसूस होगी।