नीतीश कुमार ने रचा इतिहास: 10वीं बार पदभार ग्रहण, 25 मंत्रियों के साथ NDA की मजबूती का प्रदर्शन

राज्यपाल ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। उनके बाद सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा ने उप मुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इसके साथ ही एनडीए गठबंधन की नई सरकार ने औपचारिक रूप से कामकाज की शुरुआत कर दी। समारोह में 25 से अधिक मंत्रियों ने शपथ ग्रहण किया, जिनमें जमुई की विधायक और पहली बार मंत्री बनने वाली श्रेयसी सिंह भी शामिल रहीं।

मंत्रिमंडल में शामिल प्रमुख नाम हैं—सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, विजय चौधरी, विजेंद्र यादव, श्रवण कुमार, मंगल पांडेय, दिलीप जायसवाल, अशोक चौधरी, लेशी सिंह, मदन सहनी, नितिन नवीन, रामकृपाल यादव, संतोष सुमन, सुनील कुमार, मो. जमां खान, संजय सिंह टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद, सुरेंद्र मेहता, नारायण प्रसाद, रमा निषाद, लखेन्द्र कुमार रोशन, श्रेयसी सिंह, डॉ. प्रमोद कुमार, संजय कुमार और संजय कुमार सिंह।

गांधी मैदान में सुबह से ही भारी भीड़ उमड़ने लगी थी। राज्य के विभिन्न जिलों से आए लोगों ने उत्सवी माहौल बना दिया। चारों ओर ‘जय बिहार’ और ‘नीतीश कुमार जिंदाबाद’ के नारे गूंज रहे थे। समर्थक गमछे लहराकर नेताओं का अभिवादन कर रहे थे।

इस शपथ ग्रहण समारोह की खास बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी रही। बिहार के इतिहास में पहली बार किसी मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण में प्रधानमंत्री स्वयं उपस्थित हुए। पीएम मोदी की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा और राजनीतिक महत्व को और बढ़ा दिया। उनके अलावा असम, हरियाणा, नागालैंड, मेघालय, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री सहित 16 राज्यों के मुख्यमंत्री तथा कई केंद्रीय मंत्री भी समारोह में मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक माहौल भी चरम पर था। मंच से छठ गीत और भोजपुरी संगीत लगातार बजते रहे। मनोज तिवारी और पवन सिंह जैसे कलाकारों की मौजूदगी ने भीड़ में अलग उत्साह भर दिया। कार्यक्रम का संचालन बांकीपुर के विधायक नितिन नवीन ने किया, जिन्होंने पूरे संयम और उत्साह के साथ सभी गतिविधियों को संभाला।

शपथ ग्रहण समारोह केवल एक औपचारिक आयोजन भर नहीं था, बल्कि बिहार की बदलती राजनीतिक दिशा, नेतृत्व की स्थिरता और नई उम्मीदों का प्रतीक बनकर उभरा। जनता की भारी मौजूदगी ने यह स्पष्ट कर दिया कि नीतीश कुमार की यह नई पारी जनता की अपेक्षाओं और विश्वास के साथ शुरू हो रही है।