भारतीय वायुसेना का फाइटर जेट तेजस शुक्रवार को दुबई एयर शो के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में पायलट विंग कमांडर नमांश स्याल की मौत हो गई। नमांश हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के रहने वाले थे। उनके निधन पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
विंग कमांडर नमांश स्याल दुबई एयर शो में तेजस विमान उड़ा रहे थे। दुर्घटना में उनकी शहादत पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि देश ने “एक बहादुर और समर्पित पायलट” को खो दिया है। उन्होंने कहा कि नमांश की हिम्मत, कर्तव्यनिष्ठा और देश सेवा को हमेशा याद रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने भी इस घटना पर शोक व्यक्त किया है। HAL ने अपने बयान में कहा कि दुबई एयर शो में हवाई प्रदर्शन के दौरान जान गंवाने वाले भारतीय वायुसेना के पायलट की मौत से वह बेहद दुखी है। कंपनी ने पायलट की वीरता और उनकी सेवा को सलाम करते हुए परिवार के प्रति संवेदना जताई। फिलहाल वायुसेना की ओर से घटना से संबंधित विस्तृत जानकारी का इंतज़ार है।