आज दोपहर 3.30 बजे से शुरू होगा WPL ऑक्शन

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) का मेगा ऑक्शन आज दोपहर 3.30 बजे से शुरू होगा। 5 टीमों ने कुल 17 खिलाड़ियों को रिटेन किया है, जिसके बाद ऑक्शन में 73 स्लॉट खाली हैं। इन्हें भरने के लिए टीमों के पास कुल 41.10 करोड़ रुपए उपलब्ध होंगे। वहीं नीलामी में 277 खिलाड़ी उतरेंगी, यानी लगभग 200 खिलाड़ी अनसोल्ड रह सकती हैं।

मेगा ऑक्शन क्यों होता है?

WPL में हर 3 साल में मेगा ऑक्शन होता है, जिसमें फ्रेंचाइजियों को अपनी टीमों को नए सिरे से बनाने का मौका मिलता है। पिछला मेगा ऑक्शन 2022 में हुआ था। इसके बाद 2023 और 2024 में मिनी ऑक्शन हुए, जिनमें टीमों को खिलाड़ियों को अधिक संख्या में रिटेन करने की छूट होती है। जबकि मेगा ऑक्शन में अधिकतम 5 खिलाड़ियों को ही रिटेन किया जा सकता है।

1. नई दिल्ली में होगा ऑक्शन

BCCI आज 27 नवंबर को नई दिल्ली के एयरोसिटी स्थित होटल में WPL मेगा ऑक्शन आयोजित करेगा। नीलामी की शुरुआत दोपहर 3.30 बजे से होगी।

2. 277 खिलाड़ी होंगी नीलामी में

BCCI ने कुल 277 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया है, जिनमें 194 भारतीय और 66 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें 159 अनकैप्ड प्लेयर्स भी हैं। हालांकि 5 टीमों में केवल 73 स्लॉट ही खाली हैं—इनमें 50 भारतीय और 23 विदेशी खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं।

3. यूपी वॉरियर्ज के पास सबसे बड़ा पर्स

5 टीमें—MI, RCB, DC, UPW और GG—के पास ऑक्शन से पहले 15-15 करोड़ का पर्स था। रिटेंशन के बाद सबसे अधिक राशि यूपी के पास बची है, जो 14.50 करोड़ है। गुजरात के पास 9 करोड़ और MI, DC व RCB के पास 6.50 करोड़ से कम राशि बची है।

4. मंधाना और हरमनप्रीत सहित 17 खिलाड़ी रिटेन

5 टीमों ने कुल 17 खिलाड़ियों को रिटेन किया है, जिनमें 7 विदेशी और 3 अनकैप्ड खिलाड़ी शामिल हैं। भारत की स्मृति मंधाना, हरमनप्रीत कौर, ऋचा घोष, जेमिमा रोड्रिग्ज, शेफाली वर्मा, अमनजोत कौर और श्रेयांका पाटील भी रिटेन की गईं।

5. यूपी ने सिर्फ एक खिलाड़ी को रिटेन किया

टीमें मेगा ऑक्शन से पहले अधिकतम 5 खिलाड़ियों को रिटेन कर सकती थीं। MI और DC ने 5-5 खिलाड़ियों को रिटेन किया। RCB ने 4, गुजरात ने 2 और यूपी ने केवल 1 अनकैप्ड खिलाड़ी को रिटेन किया। जिन टीमों ने 5 से कम खिलाड़ियों को रखा है, उनके पास राइट-टू-मैच (RTM) कार्ड उपलब्ध हैं—RCB के पास 1, गुजरात के पास 3 और यूपी के पास 4 RTM कार्ड।

RTM की मदद से टीमें ऑक्शन में रिलीज किए गए खिलाड़ियों को दोबारा अपनी टीम में शामिल कर सकती हैं।

6. गुजरात और यूपी में सबसे ज्यादा खाली स्लॉट

एक टीम में 15 से 18 खिलाड़ी हो सकते हैं, जिनमें अधिकतम 6 विदेशी। इसी आधार पर टीमों में 73 खिलाड़ियों की जगह खाली है, जिनमें गुजरात और यूपी के पास सबसे अधिक ओपन स्लॉट हैं।

7. मार्की सेट से शुरू होगी नीलामी

ऑक्शन खिलाड़ियों के अलग-अलग सेट में होगा। शुरुआत मार्की सेट से होगी, जिसमें 8 प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं। इसके बाद इंटरनेशनल बैटर्स, ऑलराउंडर्स, विकेटकीपर, पेसर और स्पिनर्स की बारी आएगी। फिर अनकैप्ड खिलाड़ियों की नीलामी होगी।

8. ₹50 लाख सबसे बड़ी बेस प्राइस

मार्की सेट में न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन, अमीलिया केर, इंग्लैंड की सोफी एकलस्टन, ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हीली और मेग लैनिंग, भारत की दीप्ति शर्मा व रेणुका सिंह शामिल हैं।

• 6 खिलाड़ियों की बेस प्राइस ₹50 लाख

• रेणुका सिंह की ₹40 लाख

• लौरा वोल्वार्ट की ₹30 लाख

कुल 19 खिलाड़ियों की बेस प्राइस ₹50 लाख, 11 की ₹40 लाख और 88 खिलाड़ियों की ₹30 लाख रखी गई है।

9. किन खिलाड़ियों पर रहेंगी निगाहें?

भारत की दीप्ति शर्मा, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़ और श्री चरणी महंगी बिक सकती हैं। विदेशियों में एलिसा हीली, सोफी एकलस्टन, मेग लैनिंग, अमीलिया केर, फीबी लिचफील्ड और ग्रेस हैरिस पर भी टीमों की नजरें होंगी।

ब्रॉडकास्टिंग

WPL के ब्रॉडकास्टिंग राइट्स रिलायंस के पास हैं।

• टीवी पर – स्टार स्पोर्ट्स

• OTT पर – जियोहॉटस्टार