कोहरे और बढ़ती ठंड के बीच गुरुवार सुबह भी न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गई। मौसम विभाग के अनुसार ठंड का असर और बढ़ेगा तथा तापमान में और गिरावट जारी रहेगी। सर्दी बढ़ने के साथ ही सुबह हल्का कोहरा छाने लगा है, जिससे ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। गुरुवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। सुबह राजधानी के कई हिस्सों में स्मॉग के साथ हल्का कोहरा दिखाई दिया।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दिन में आसमान साफ रहेगा और धूप खिली रहेगी। हालांकि, दिल्ली की वायु गुणवत्ता में कोई सुधार नहीं हुआ है। सुबह 9:30 बजे आईक्यू एयर ने 653 एक्यूआई रिकॉर्ड किया, जो ‘खतरनाक’ श्रेणी में आता है, जबकि सीपीसीबी का आंकड़ा 335 रहा, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में है। संभावना है कि अगले छह दिनों तक दिल्ली का एक्यूआई इसी श्रेणी में बना रहेगा।
पूर्व दिशा की कई ट्रेनें कोहरे और विभिन्न रेलखंडों पर चल रहे संरक्षा कार्यों की वजह से देरी से आ-जा रही हैं। आनंद विहार टर्मिनल–मुजफ्फरपुर विशेष (05284), जो सुबह 7 बजे चलनी थी, आठ घंटे की देरी से दोपहर 3 बजे रवाना होगी। वहीं आनंद विहार टर्मिनल–पूर्णिया कोर्ट विशेष (05580) सुबह 5:15 बजे चलने की जगह 13 घंटे से अधिक की देरी के बाद शाम 6:30 बजे चलेगी।
नई दिल्ली–दरभंगा हमसफर एक्सप्रेस (02570) 10 घंटे की देरी के बाद रात 10:20 बजे रवाना होगी, जबकि नई दिल्ली–हसनपुर रोड विशेष (04098) 14 घंटे की देरी के साथ 27 नवंबर की रात 11:35 बजे प्रस्थान करेगी।